हमीदिया अस्पताल में काली पट्टी बांधकर डॉक्टरों का विरोध
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज और उससे संबंध हमीदिया अस्पताल के डॉक्टरों ने मंगलवार को काली पट्टी बांधकर अपने आंदोलन की शुरुआत की। डॉक्टर एरियर नहीं दिए जाने का विरोध कर रहे है। डॉक्टर बुधवार को एक दिन का धरना-प्रदर्शन भी करेंगे।
मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन ने कहा कि 4 साल पुराने एरियर को लेकर पिछले 8 माह से मेडिकल टीचर्स एसोसिएशन (एमटीए) भोपाल के पदाधिकारियों ने कई बार लिखित और मौखिक रूप से डीन और संभागायुक्त कार्यालय से चर्चा की। लेकिन अब तक कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं आया। इसके बाद एमटीए भोपाल ने 15 दिन पूर्व अधिष्ठाता एवं संभागायुक्त को वर्षों से लंबित 7 वे वेतन आयोग के एरियर्स को लेकर आंदोलन करने की घोषणा की थी। मंगलवार से चिकित्सा शिक्षकों ने अपने आंदोलन को शुरू करते हुए काली पट्टी बांध कर ओपीडी देखी, भर्ती मरीजों के राउंड लिए और तो और काली पट्टी बांध कर ऑपरेशन थियेटर में कार्य किया। सभी मेडिकल परीक्षाएं चिकित्सकों ने काली पट्टी बांध ली।
डॉक्टरों ने कहा कि प्रदेश के दूसरे सभी मेडिकल कॉलेज में एरियर दे दिया गया है, लेकिन भोपाल के डॉक्टरों को अब तक भुगतान नहीं किया जा रहा है। बुधवार को मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद आंदोलन की आगे की रूपरेखा तय की जाएगी।