धार जिले में गुरुवार को हुए दो सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। लोणी फाटे के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। वहीं थाना क्षेत्र के ग्राम बोरझिरी में बल्कर की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई।
दो बाइकें टकराईं, दो की मौत
पहला हादसा गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे लोणी फाटे के पास हुआ। जानकारी के अनुसार एक मोटरसाइकिल पर सवार लोग ग्राम लोणी से मनावर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से टोंकी की ओर जा रही दूसरी बाइक से उनकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और चारों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
ये भी पढ़ें-
मुरैना में हादसा: खड़े रिक्शा से टकराई बेकाबू बाइक, एक ही परिवार के चार की मौत; दंपति और दो बच्चों की गई जान
हादसे में लोणी निवासी जितेंद्र वास्केल (40) और जामन्या निवासी बाला पिता मदन (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जामन्या निवासी मदन (36) और लोणी निवासी सुनील हजारी (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से मनावर सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार कर रहे डॉ. संजय जौहर के अनुसार दोनों घायलों के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उनका अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात व्यवस्थित कराया और मामले की जांच शुरू की।
बल्कर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
दूसरा हादसा थाना क्षेत्र के ग्राम बोरझिरी में हुआ। यहां झेंगदा चौकी डेहरी, थाना बाग निवासी बहादुर सिंह पिता जीरिया (58) की बल्कर की चपेट में आने से मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार चश्मदीद मिथून पिता नाहरसिंह सिसोदिया (28), निवासी अवल्दा मान, थाना गंधवानी के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। बताया गया कि बल्कर क्रमांक एमपी-12 जेडएफ-7578 का चालक वाहन तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। उसने बहादुर सिंह की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक सवार सड़क पर गिर गया और बल्कर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। बल्कर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।