पुलिस ने आरोपियों को किया गिरफ्तार
जिले की बदनावर तहसील के कानवन पुलिस ने नाबालिग से जुड़े दो अलग-अलग गंभीर मामलों में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में फरार था, जिस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। वहीं दूसरा आरोपी नाबालिग के घर में घुसकर छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई 2026 को कानवन थाना क्षेत्र में नाबालिग को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत मिली थी। इस पर अपराध क्रमांक 237/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने 4 अगस्त को नाबालिग को बरामद किया। पूछताछ में पीड़िता ने आरोपी जयराम वर्मा निवासी आष्टा, जिला सीहोर पर बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। घटना के बाद से आरोपी फरार था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।
ये भी पढ़ें-
हर्ष फायर फिर बना मुसीबत: जन्मोत्सव की खुशी में चला दी कट्टे से गोली, पास में खड़े किशोर को लगे छर्रे
जान से मारने की दी थी धमकी
थाना प्रभारी बारिया ने बताया कि 17 सितंबर को ग्राम रंगाराखेड़ी की नाबालिग ने पड़ोस में रहने वाले हंसराज पिता बापूसिंह मोगिया के खिलाफ घर में घुसकर बुरी नीयत से छेड़छाड़ करने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत प्रकरण दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक हंसराज थाना कानवन का सूचीबद्ध गुंडा है और घटना के बाद से फरार था। पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के निर्देश पर दोनों मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए गए।