जिले के सरदारपुर तहसील के ग्राम कंजरोटा में जमीन विवाद को लेकर किसान के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। किसान बोन्दरलाल पिता नाथाजी सिर्वी ने आरोप लगाया कि 22 अक्तूबर को सरदारपुर एसडीएम कार्यालय परिसर में न्यायालय के बाहर करीब एक दर्जन महिलाओं ने उन्हें घेरकर चप्पलों से पीटा, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ महिलाएं किसान के साथ चप्पलों से मारपीट करती दिखाई दे रही हैं।
ये भी पढ़ें-
ग्वालियर: मदरसे पर बाल आयोग का छापा, सात बच्चियों समेत 22 बच्चे रेस्क्यू; रहने की व्यवस्था में मिलीं कमियां
किसान के अनुसार, जमीन और रास्ते को लेकर एसडीएम न्यायालय में प्रकरण क्रमांक 0151/अपील/2024-25 विचाराधीन था। 12 अक्टूबर 2026 को न्यायालय ने तहसीलदार के आदेश को निरस्त करते हुए उनके पक्ष में फैसला सुनाया था। बोन्दरलाल का दावा है कि इसके बावजूद विरोधी पक्ष के लोग लगातार विवाद कर रहे हैं। किसान ने बताया कि 22 अक्तूबर को वे विवाद की शिकायत लेकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान न्यायालय के बाहर महिलाओं ने उनके साथ मारपीट की। मामले में उन्होंने सरदारपुर थाने में आवेदन देकर रामी पति कैलाश सहित 18 महिलाओं के खिलाफ शिकायत की है। सभी महिलाएं ग्राम कंजरोटा की निवासी बताई गई हैं। किसान ने पुलिस से संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद पीड़ित किसान ने सरदारपुर थाने पहुंचकर सुरक्षा की गुहार लगाई और एक लिखित आवेदन सौंपा। आवेदन में ग्राम कंजरोटा निवासी रामी बाई, लीलाबाई, रतिबाई, वरदीबाई, केसरबाई, तुलसाबाई, राधाबाई, रुखमाबाई, शांताबाई, गेंदीबाई, चंपाबाई, अनीता, कविता, संजूबाई, हीरी, हेमीबाई, गायत्रीबाई और गीताबाई के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। किसान ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
महिलाएं पिटाई करते हुए