धार जिले के छात्रावास में दो बच्चों की करंट लगने से मौत हो गई
- फोटो : सोशल मीडिया
धार जिले की सरदारपुर तहसील के रिंगनोद में करंट लगने से दो छात्रों की मौत हो गई। छात्रावास की पानी की टंकी के पास करंट फैलने से हादसा हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक धार जिले के रिंगनोद के टांडा मार्ग पर शासकीय जनजातीय सीनियर बालक छात्रावास में करंट लगने से दो छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद से हड़कंप मच गया है। वहीं प्रशासनिक अमला आनन फानन में जांच पड़ताल में जुटा है। पुलिस ने बताया कि रिंगनोद के टांडा रोड स्थित जनजातीय बालक सीनियर छात्रावास में दो बालक विकास पिता संग्राम सिंह निनामा जाति भील उम्र 17 वर्ष कक्षा 12वीं भील खेड़ी निवासी और आकाश पिता शैतानसिंह निनामा उम्र 17 वर्ष निवासी रंगपुरा कक्षा बारहवीं छात्रावास परिसर में लगी पानी की टंकी में पानी लेने गए थे। इस दौरान खुले तारों की चपेट में आ जाने से उन्हें करंट लग गया। इन्हें तुरंत उपचार के लिए शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इसके बाद उनके शवों को पोस्टमार्टम हेतु सरदारपुर भेजा गया। सरदारपुर एसडीएम सहित प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया व मामले में जांच पड़ताल की जा रही है।
विधायक-पुर्व विधायक में बहस
घटना को लेकर परिजनों को भी सूचित किया गया है जिससे अपने घर के चिरागों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना के बाद सरदारपुर के सरकारी अस्पताल में वर्तमान कांग्रेसी विधायक प्रताप ग्रेवाल और पूर्व भाजपा विधायक वेल सिंह भूरिया भी पहुंचे। वहां SDM मेघा पंवार के सामने दोनों में जमकर बहस भी हो गई। पूर्व विधायक ने वर्तमान विधायक पर छात्रों की मौत पर नेतागिरी करना बताया, वहीं वर्तमान कांग्रेसी विधायक प्रताप ग्रेवाल एसडीएमसी तत्काल दोषियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की बात कही। इस दौरान दोनों के बीच आरोप प्रत्यारोप लगे जिसको लेकर लोग दोनों ही जनप्रतिनिधियों को समझाते नजर आए।