धार जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को राजगढ़ के भानगढ़ रोड़ पर नरसिंह देवला फाटे के समीप युवक-युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। राहगीरों ने दोनों को तड़पते देख तत्काल डायल 112 को सूचना दी तथा एंबुलेंस की मदद से युवक-युवती को सिविल अस्पताल सरदारपुर भिजवाया गया, लेकिन दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मौके से चार पहिया वाहन सहित मोबाइल व रुपये जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक राजगढ़ में भानगढ़ रोड़ पर नरसिंह देवला फाटे के समीप सड़क किनारे कार में सवार युवक व युवती ने जहरीला पदार्थ खा लिया। युवक सड़क किनारे तो युवती कार में तड़प रही थी। राहगीरों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। मौके पर एंबुलेंस भी पहुंची, लेकिन कुछ ही देर में दोनों युवक-युवती की मौत हो गई। मृतक युवक व युवती दोनों ग्राम लाबरिया धुलिया खेड़ी के निवासी हैं। राजगढ़ थाना पुलिस ने कार, मोबाइल व कार के अंदर से करीब 29500 रुपये नगदी जब्त की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी समय तक सड़क के किनारे ही खड़ी थी। बाहर एक युवक को तड़पता हुआ देखकर राहगीर पहुंचे तथा युवती कार में तड़प रही थी। एक बोतल में पानी के साथ कुछ जहरीला पदार्थ मिला हुआ था, जिसको पीकर दोनों ने आत्महत्या की है।
ये भी पढ़ें-
इंदौर में होगा भारत-लैटिन अमेरिका- कैरेबियन व्यापार निवेश मंच का आयोजन, मुख्यमंत्री शामिल होंगे
प्रेम प्रसंग का हो सकता है मामला
पुलिस ने दोनों ही मृतकों के परिजनों को सूचना दी तथा शव पोस्टमार्टम हेतु सिविल अस्पताल सरदारपुर में रखवाए गए हैं। युवक की उम्र 20 वर्ष तो युवती की उम्र करीब 19 वर्ष हैं। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम भी पहुंची तथा जहरीले पदार्थ का सैंपल लिया गया। युवती के पहले ही शादीशुदा होने की बात भी सामने आई है। हालांकि इसको लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नही हुई है।
जांच में जुटी राजगढ़ थाना पुलिस
राजगढ़ थाना प्रभारी समीर पाटीदार ने बताया कि हमें डायल 112 से सूचना मिली थी कि भानगढ़ रोड़ पर एक कार में युवक-युवती बदहवास स्थिति में मिले हैं, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने दोनों की मृत्यु की पुष्टि की है। पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे तो प्रथमदृष्ट्या यह प्रतीत होता है कि दोनों ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया है। हालांकि मामले की जांच की जा रही है जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे वैसे ही वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।