रतलाम के हिस्ट्रीशीटर बदमाश हर्ष उर्फ कटोरा की बदनावर तहसील में मौत हो गई है। हादसा कल देर रात हुआ था, रविवार सुबह क्षेत्र से गुजर रहे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बदमाश हर्ष का शव रोड किनारे झाड़ियों में मिला है। साथ ही बाइक भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली है। इसी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाश की मौत सड़क हादसे में हुई है। पुलिस ने झाड़ियों से शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर इस पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रतलाम थाना अंतर्गत पिपली चौकी का रहने वाला हर्ष पिता संतोष पंवार उम्र 21 साल पिछले कुछ समय से धार जिले के बिड़वाल में अपने मामा के यहां रह रहा था। पुलिस के अनुसार शनिवार-रविवार की रात वह अपनी बाइक से बिड़वाल से रतलाम आने के लिए निकला था। इसी दौरान कोद-बिडवाल मार्ग पर एक मोड़ के पास उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद रातभर हर्ष का शव मौके पर ही पड़ा रहा। रविवार सुबह जब कुछ लोग इस मार्ग से गुजरे, तो उन्होंने सड़क किनारे क्षतिग्रस्त बाइक देखी। लोगों ने पास जाकर देखा तो समीप की झाड़ियों में हर्ष मृत अवस्था में पड़ा था। राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी।
ये भी पढ़ें-
प्यार, शक और हत्या: छाती पर चढ़कर घोंटा गला, शव से बनाए संबंध; एमबीए छात्रा हत्याकांड की अब तक की पूरी दास्तां
15 केस दर्ज थे
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार दोपहर के समय पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। परिजन हर्ष के शव को लेकर अपने पैतृक गांव देपालपुर जिला इंदौर लेकर रवाना हो गए। पुलिस घटनास्थल की जांच कर रही है। मृतक हर्ष रतलाम के स्टेशन रोड थाने का लिस्टेड हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हर्ष पर पूर्व में हत्या के प्रयास के दो केस, अवैध वसूली के चार मामले, एट्रोसिटी एक्ट का एक प्रकरण और आम जनता के साथ मारपीट करने के नौ से अधिक मामले दर्ज थे। थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह के अनुसार सड़क हादसे में रतलाम निवासी बदमाश की मौत हो गई है, सूचना परिजनों सहित स्थानीय पुलिस टीम को दी गई है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
मौके पर पड़ी मिली बाइक