खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल को पुलिस ने गुजरात के वड़ोदरा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर देवास पहुंची और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, मनीष शराब तस्करी सिंडिकेट की अहम कड़ी है। टिमरनी की शराब दुकान में उसकी 30 प्रतिशत हिस्सेदारी भी है।
गौरतलब है कि 1 और 2 नवंबर 2026 की दरमियानी रात खातेगांव थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी रोकने के दौरान थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचल दिया गया था। इस घटना में उनकी मौत हो गई थी। वारदात के बाद से ही मुख्य आरोपी मनीष जायसवाल फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए देवास पुलिस की अलग-अलग टीमें मध्य प्रदेश सहित अन्य राज्यों में लगातार दबिश दे रही थीं। आखिरकार पुलिस ने उसे गुजरात के वड़ोदरा से गिरफ्तार कर लिया।
पढ़ें: एनएच-44 पर ट्रक-कार की भिड़ंत में चार की मौत, पांच घायल; नर्मदा स्नान करने जा रहे थे सभी
टिमरनी की शराब दुकान में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी
पुलिस के मुताबिक, मनीष जायसवाल की टिमरनी स्थित शराब दुकान में राहुल जायसवाल और मोहिन जायसवाल की तरह 30 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसी दुकान से आयशर वाहन में शराब भरकर गुजरात भेजी जा रही थी। पुलिस अब शराब दुकान में हिस्सेदारी, शराब की सप्लाई और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अवैध शराब के कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और पूरे सिंडिकेट का संचालन किस तरह किया जा रहा था।
तीन आरोपी 10 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर
इस मामले में राहुल जायसवाल, विजय राव और कैरम सिंह को 10 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं, आयशर वाहन के चालक गजेंद्र और क्लीनर धीरज का पुलिस ने शॉर्ट एनकाउंटर किया था। दोनों का फिलहाल इलाज चल रहा है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर शराब तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियां जोड़ने में जुटी है। मनीष जायसवाल की गिरफ्तारी को मामले की जांच में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि अवैध शराब कारोबार से जुड़े सभी लोगों की भूमिका सामने लाई जाए और पूरे सिंडिकेट का खुलासा किया जा सके।