मध्यप्रदेश के देवास में एक युवक को लाठी-डंडों से जमकर पीटने का मामला सामने आया है। पिटाई के बाद उसकी हालत गंभीर है और उसे इंदौर के बॉम्बे हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है। औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार देवास के औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत आने वाले चूना खदान क्षेत्र में गुरुवार को पुरानी रंजिश में एक युवक के साथ जमकर मारपीट हुई। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में शुक्रवार रात को पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। बताया जा रहा है एक वर्ष पहले शहर में हुए गोलीकांड को लेकर दूसरे पक्ष द्वारा यह हमला किया गया है। मारपीट में पीयूष पिता कुंदनलाल उम्र 22 निवासी बालाजी नगर गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसका इंदौर में उपचार चल रहा है। पीयूष के एक साथी को भी हल्की चोट लगी है।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश व शराब कारोबार को लेकर यह विवाद हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार को फरियादी गोविंद पिता धर्मेन्द्र मोदी निवासी लक्ष्मीपुरा देवास की शिकायत पर आरोपी रितिक सिहोते, तुषार सिहोते, राहुल, विवेक शर्मा, सोनू मुन्ना चौधरी, राज मालवीय, सोनू पाजी, अंकुश, विनीत प्रजापति के खिलाफ धारा जानलेवा हमला, बलवा सहित अन्य धाराओं में कायमी की गई है।
वीडियो में दिख रहा है कि पीयूष हाथ जोड़कर गुहार लगाता रहा, लेकिन आरोपी अपशब्द कहते हुए उसे लातों, लाठी और डंडों से मारते रहे। एएसपी मंजीत सिंह चावला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि घटना 20 जुलाई की है। पीयूष को 9 लड़कों ने लाठी-डंडों से मारा है। पुलिस ने धारा 307 के तहत एफआईआर पंजीबद्ध की है। 9 में से 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्त में आए आरोपियों में सोनू उर्फ मुन्ना चौधरी, विवेक शर्मा, राज मालवीय और विनीत प्रजापति शामिल हैं। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इनका पहले भी शराब के कारोबार को लेकर झगड़ा हुआ था।