मध्य प्रदेश में चुनावी बिसात बिछ चुकी है। चुनाव से पहले अमर उजाला का चुनावी रथ 'सत्ता का संग्राम' प्रदेश भर के मतदाताओं का मन टटोलने निकला है। आज हमारा कारवां देवास पहुंचा है। जहां हमने नेताओं से बात की।
इसी दौरान कांग्रेस नेता ने अपनी बात रखते हुए कहा कि मुद्दे वही जो 5 साल पहले थे। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा मुद्दा एमजे अस्पताल में अव्यवस्थाओं का मुद्दा, साथ ही देवास से हजारों की संख्या में स्टूडेंट दूसरे शहरों अप डाउन करते हुए है, क्योंकि यहां अच्छे संस्थान नहीं है। यहां मुद्दों की कमी नहीं है। क्योंकि पांच साल में एक भी मुद्दों का हल नहीं निकल पाया है। यहां अगर किसी का भयानक एक्सीडेंट होता है तो उसे बिना जांचे परखे सीधे इंदौर रेफर कर दिया जाता है। कुल मिलाकर यहां हर चीज की दिक्कत है। उन्होंने कहा कि ये देवास का दुर्भाग्य है कि यहां मूलभूत सुविधाओं के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है।
भाजपा नेता ने किया पलटवार
वहीं भाजपा नेता ने कहा कि आज देश कई ऊंचाइयों को छू रहा है। पीएम मोदी के 2014 से 2023 के कार्यकाल को अगर हम देखें तो आज भारत का डंका विदेशों में बज रहा है। उन्होंने कहा कि एक बार आप देवास शहर घूम कर आइये, यहां ब्रिज बन रहे है। इतना ही नहीं भाजपा नेता ने शिक्षा पर अपनी बात रखते हुए कहा कि हमारे यहां साइंस कॉलेज है, हमारे यहां पॉलिटेक्निक कॉलेज है। तमाम तरह के कॉलेज हमारे यहां बन रहे है। आप धरातल पर घूमकर देखिये आपको विकास दिख जाएगा।