ग्वालियर की एक नाबालिग छात्रा को अगवा कर बेंगलुरु ले जाकर 31 दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस जघन्य अपराध में उसकी मकान मालिक, उसके बेटे और भांजे सहित कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक नाबालिग छात्रा को अगवा कर बेंगलुरु ले जाया गया और 31 दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस घिनौनी साजिश में छात्रा की मकान मालिक, उसका बेटा और भांजा भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अब भी फरार है।
विज्ञापन
खौफ के कारण 2 महीने तक चुप रही पीड़िता
हैरान करने वाली बात यह है कि पुलिस ने नाबालिग को 01 मार्च 2026 को ही आरोपियों के चंगुल से मुक्त करा लिया था। लेकिन आरोपियों की दहशत और जान से मारने की धमकी के कारण छात्रा उस समय कुछ भी नहीं बोल सकी थी। उसने पुलिस को डर के मारे यही बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थी। अब जाकर जब पीड़िता ने खुद को सुरक्षित महसूस किया, तब अपनी चुप्पी तोड़ी और परिजनों को पूरी सच्चाई बताई। इसके बाद पुलिस ने अपहरण, गैंगरेप (धारा 376D) और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
कमरे में बंद कर मकान मालिक का बेटा करता था गंदा काम
पीड़िता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसकी माँ नौकरी कर उसे पढ़ा रही है। जब माँ काम पर चली जाती थी, तब मकान मालिक गुड्डी राठौर उसे कमरे में बंद कर देती थी। इस दौरान गुड्डी का बेटा मनोज और भांजा योगेश उसके साथ गलत काम करते थे।
विज्ञापन
कोचिंग जाते समय अपहरण और बेंगलुरु में दरिंदगी
साजिश के तहत 31 जनवरी 2026 को जब छात्रा कोचिंग के लिए निकली, तब बुलबुल राठौर की मदद से उसे अगवा कर लिया गया। आरोपी योगेश, राकेश उर्फ राजू और वकीला उसे ग्वालियर से बेंगलुरु ले गए। वहाँ पहुँचकर इन तीनों ने छात्रा के साथ लगातार सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने पीड़िता और उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे वह बुरी तरह डरी हुई थी।
5 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी शिवपुरी से दबोचा गया
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मनोज राठौर, गुड्डी राठौर और बुलबुल राठौर को उनके घर के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी योगेश राठौर शिवपुरी में छिपा है, जिसे पुलिस टीम ने दबिश देकर दबोच लिया। योगेश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इसके अलावा पुलिस ने राजू उर्फ राकेश राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल फरार आरोपी वकीला की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।