सोनकच्छ तहसील के एक पटवारी का रक्त रंजित शव सड़क पर पड़ा मिला है। प्रथमदृष्ट्या मामला हत्या का लग रहा है। पुलिस जांच कर रही है। पटवारी 10 दिसंबर से लापता था।
बीएनपी थाना पुलिस के अनुसार पटवारी का नाम नीरज सिंह परते (35) है। रविवार सुबह भोपाल रोड स्थित जॉन डियर कंपनी के पास नाले में पटवारी का शव मिला। वह 10 दिसंबर से घर से लापता था। परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। रविवार को शव मिलने से सनसनी फैल गई। जिस हालत में शव मिला है उसे देखते हुए हत्या की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि गले पर चोट के निशान मिले हैं। हत्या की आशंका को देखते हुए वजहों का पता लगाया जा रहा है।
ढाबे पर गया था खाना खाने
पुलिस का कहना है पटवारी परते सोनकच्छ तहसील के रलायती हल्के में पदस्थ था। पिछले माह ही उसकी शादी हुई थी। 10 दिसंबर को वह घर से बिना बताए कहीं चला गया। इस पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज करवाई। यह बात सामने आई है कि 10 दिसंबर को शाम को पटवारी अपने किसी करीबी रिश्तेदार के साथ ढाबे पर खाने गया था, उसके बाद से ही वह लापता था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखे हैं जिनमें पटवारी अपने रिश्तेदार के साथ खाना खाकर निकल रहा था।
रविवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पटवारी अस्पताल पहुंचे। पटवारी संघ ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है। परिजन भी ऐसी ही आशंका जता रहे हैं। पुलिस अब परिजनों व दोस्तों के बयान लेगी। मोबाइल की डिटेल्स भी देखी जाएगी। इसके बाद ही वस्तुस्थिति सामने आ सकेगी।