देवास जिला अस्पताल से गायब हुई बच्ची का अब तक पता नहीं चल सका है। इस मामले में कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है। सेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी देवास पहुंचे और पीड़िता से मुलाकात की। जल्द बच्ची का पता लगाने की मांग की।
विज्ञापन
1 of 3
जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़िता से मुलाकात करते सेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष
- फोटो : सोशल मीडिया
शहर के जिला अस्पताल में गुम हुई नवजात बच्ची अब तक नहीं मिल सकी है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी जल्द बच्ची को खोजने के दावे कर रहे थे लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इधर बच्ची के न मिलने से उसकी मां निरंतर आंसू बहा रही है तो समाजजन भी आक्रोशित है। सेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी इस मामले को लेकर देवास पहुंचे और पीड़िता से मुलाकात की। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।
गौरतलब है कि चार दिन पहले जिला अस्पताल से नवजात बच्ची गायब हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने हंगामा किया था। मामले ने तूल पकड़ा तो कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने आश्वस्त किया कि जल्द ही बच्ची को खोज लिया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने टीम भी बनाई है। मामले में दो डॉक्टरों को निलंबित किया गया है और सीएमएचओ व सिविल सर्जन को कारण बताओ नोटिस दिया है। एसडीएम प्रदीप सोनी को जिला अस्पताल का प्रशासक नियुक्त किया। चार दिन बीत चुके हैं मगर बच्ची का अब तक पता नहीं चल सका है।
सेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने की मुलाकात
बच्ची के न मिलने के मामले को लेकर परिजन और सेन समाज आक्रोशित है। इसी को लेकर भारतीय सेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केश शिल्पी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष नंदकिशोर वर्मा देवास पहुंचे। उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की व न्याय दिलाने के लिए सेन समाज की ओर से हरसंभव मदद करने का भरोसा दिलाया। जिला अस्पताल में मीडिया से चर्चा करते हुए नंदकिशोर वर्मा ने कहा कि यह जो घटना हुई है, वह अमानवीय है। एक मां से उसके बच्चे का इस तरह बिछड़ जाना बहुत ही दुखद है। हमने कोतवाली थाना प्रभारी से चर्चा की तो उन्होंने मामले में पुलिस कार्यवाही से अवगत कराया है। हमारी प्रशासन से मांग है कि जल्द से जल्द बच्ची को तलाशा जाए और मामले में जो भी दोषी हो, उन पर कार्यवाही की जाए। यदि एक-दो दिन में इस मामले में कार्यवाही नहीं होती है तो समाजजन आगे की रणनीति बनाएंगे। जरूरत पड़ेगी तो हम मुख्यमंत्री व गृहमंत्री तक भी इस मामले को ले जाएंगे। इसके बाद सेन समाज का प्रतिनिधिमंडल कलेक्ट्रेट पहुंचा और एसडीएम से मुलाकात की। एसडीएम ने वर्मा व अन्य समाजजनों से चर्चा करते हुए आश्वस्त किया कि प्रशासन पूरी मुस्तैदी से कार्यवाही कर रहा है। पुलिस अधीक्षक स्वयं इस मामले को हल करने में लगे हुए हैं।
विज्ञापन
2 of 3
मामले को लेकर कोतवाली टीआई से चर्चा करते समाजजन
- फोटो : सोशल मीडिया
बाहर से बनाया सुंदर, अंदर से बदसूरत-कांग्रेस
जिला अस्पताल से बच्ची के गायब होने को लेकर अब कांग्रेस भी हमलावर हो गई है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है। राजानी ने बताया कि शहर के महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय से शाजापुर निवासी टीना पति विशाल वर्मा कि नवजात बच्ची को अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिया जिसका आज तक पुलिस पता नहीं लगा पाई है। एसपी ने पांच थानों के टीआई व 17 टीम बनाई है लेकिन बच्ची का पता नहीं चल सका है। उक्त घटना से लोगों में रोष व्याप्त है। महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय की अव्यवस्था की भी पोल खुली है। चिकित्सालय को भव्य रूप एवं आकर्षक तो बना दिया गया है लेकिन व्यवस्थाएं आज भी बदसूरत है। जिस मां की बच्ची चोरी हुई है उसका रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची कब मिलेगी यह बताने में जिला प्रशासन पूरी तरह से आज तक नाकाम ही है। कानून व्यवस्था को लेकर भी लोगों में असंतोष व्याप्त है। जिले में अपरहण ,मारपीट,सट्टा, अवैध शराब सहित ऐसी अनेक घटनाएं हो रही है जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।
शहर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
- फोटो : सोशल मीडिया
सांसद-विधायक मौन क्यों ?
अस्पताल से बच्ची चोरी होने के मामले को लेकर देवास विधायक व सांसद को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राजानी ने कहा कि इस घटना के बाद से क्षेत्रीय विधायक व सांसद मौन हैं। इन्होंने आज तक इस संदर्भ में कोई बात नहीं की है। इसी मामले में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि आप शीघ्र ही बच्चा चोरी के मामले में हस्तक्षेप करते हुए सख़्त निर्देश देकर तत्काल बच्ची को खोज कर पीड़ित परिवार को उसकी बच्ची दिलाएं। समय रहते अगर बच्ची को खोजने के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो फिर कांग्रेस को सड़कों पर आकर आंदोलन करना पड़ेगा।