मध्यप्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों में रोज नई कहानी सामने आती है। ऐसा ही मामला दमोह में सामने आया है। दमोह और सागर जिले में एटीएम तोड़कर लूट करने का प्रयास करने वाले तीन आरोपियों को दमोह कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की मदद से गिरफ्तार किया है। इन्होंने यूट्यूब से एटीएम को तोड़ना सीखा फिर योजना बनाई। वारदात से पहले पुलिस ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया।
इन आरोपियों के पास से एटीएम में तोड़-फोड़ करने के औजार भी जब्त किए गए हैं। तीनों आरोपियों पर मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से तीनों को जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी ने अपना कर्ज चुकाने के लिए एटीएम लूटने की योजना बनाई थी, लेकिन सफलता नहीं मिली।
दमोह एसपी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 11 दिसंबर 23 की रात हिरदेपुर के पास एक एटीएम मशीन में तोड़फोड़ की गई थी। 19 जनवरी 23 को कोतवाली में अपराध दर्ज किया गया था। दूसरी घटना पथरिया थाना क्षेत्र की है, जहां 7 फरवरी 23 को एक निजी बैंक के एटीएम में तोड़फोड़ कर गैस कटर से काटकर रुपये निकालने का प्रयास किया गया था। आरोपियों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। साइबर सेल की मदद ली गई। साइबर सेल प्रभारी सत्येंद्र सिंह राजपूत ने इस मामले में सबूत जुटाए और उसके आधार पर आरोपियों तक पहुंच गए, जिसके बाद सागर जिले के सानोधा गांव में रहने वाले भगवत पटेल (24), उमेश रजक (22), हरनाम पटेल (27) निवासी मकरोनिया को एक-एक कर गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया इन आरोपियों ने सागर जिले के सानोधा में 29 दिसंबर 2022 को, दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र में 12 जनवरी 2022, सानोधा परसोरिया थाना में 12 जनवरी 2023 और पथरिया के संजय चौराहा पर 7 जनवरी 2023 में एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया था, लेकिन उन्हें कहीं पर भी सफलता नहीं मिली।
पूछताछ में मुख्य आरोपी भगवत पटेल ने बताया कि उस पर काफी कर्ज था, इसलिए वह एटीएम तोड़कर रुपये निकालकर कर्ज चुकाना चाहता था। एटीएम तोड़कर रुपये निकालने की तरकीब उसने यूट्यूब वीडियो देखकर सीखी थी। आरोपियों से एक बाइक, एक हाथ की घड़ी, इलेक्ट्रॉनिक कटर और छेनी हथोड़ा जब्त किए गए हैं।