आगामी उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के पालन में मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय ने चंबल-ग्वालियर अंचल में तैनात 14 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से हटाकर नई जिम्मेदारी दे दी है। इनमें दतिया जिले के कई थाना प्रभारी भी शामिल हैं।
पुलिस मुख्यालय भोपाल से 26 जुलाई को जारी आदेश में स्पष्ट किया गया कि यह बदलाव चुनाव आयोग के पत्र के आधार पर किया गया है। आयोग का मकसद मतदान प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त बनाना है। आदेश के मुताबिक, सभी 14 अधिकारियों की पदस्थापना अस्थायी है और ये आगामी आदेश तक प्रभावी रहेंगी। कुछ अफसरों को मुख्यालय भोपाल में अटैच किया गया है, जबकि अन्य को दतिया जिले के अलग-अलग थानों में नई तैनाती मिली है।
ये भी पढ़ें-
मां पीतांबरा के दरबार में सिंधिया, दतिया में गरजे ज्योतिरादित्य सिंधिया, बोले- विकास को जिताना है
चुनाव आयोग की सूची में दतिया विधानसभा क्षेत्र के 6 थाना प्रभारियों के नाम प्रमुख हैं:
- अज़ाक थाना प्रभारी निरीक्षक - केहरी परिहार
- सिविल लाइन थाना उप निरीक्षक - अमित ओसारे
- बड़ौनी थाना उप निरीक्षक - नीरज कुमार
- जिगना थाना प्रभारी उप निरीक्षक - रचना माहौर
- गोराघाट थाना उप निरीक्षक - अर्चना पाल
- वीरपुर थाना प्रभारी उप निरीक्षक - भूपेंद्र सिंह जाट
इनके अलावा चंबल-ग्वालियर अंचल के अन्य 8 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को भी इधर-उधर किया गया है।
आचार संहिता से पहले प्रशासन अलर्ट
सूत्रों के अनुसार चुनाव आयोग ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील क्षेत्रों में तीन साल से अधिक समय से जमे पुलिस अधिकारियों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसी कड़ी में यह तबादला किया गया है ताकि किसी भी प्रकार के पक्षपात की संभावना न रहे। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि नए सिरे से तैनात अधिकारियों को चुनाव ड्यूटी, सुरक्षा व्यवस्था और मतदान केंद्रों पर निगरानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी जाएगी। इस अचानक फेरबदल से दतिया पुलिस महकमे में हलचल है। थानों में नए प्रभारियों की तैनाती होते ही चुनाव संबंधी तैयारियां तेज हो जाएंगी। प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए यह जरूरी कदम उठाया गया है।