उपचुनाव में मतदान के कुछ दिन पहले ज्योत्सना ने थामा कांग्रेस का दा
दतिया विधानसभा उपचुनाव का प्रचार अंतिम चरण में पहुंचते ही कांग्रेस ने एक बड़ा सियासी दांव खेल दिया। रविवार को भाजपा से जुड़े एक जाने-माने व्यापारी परिवार की बेटी ज्योत्सना तलवानी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। पार्टी में शामिल होने के बाद ज्योत्सना ने कहा कि वह कांग्रेस की नीतियों और राहुल गांधी द्वारा बेरोजगारी, किसान और गरीबों के मुद्दों पर चलाए जा रहे अभियान से प्रभावित हैं।
तलवानी ने कहा कि मैं देश की मौजूदा परिस्थितियों और कांग्रेस के जनहित के एजेंडे से प्रेरित होकर इस परिवार में शामिल हुई हूं। 30 जुलाई को होने वाले उपचुनाव में मैं कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह को समर्थन दूंगी और पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का काम करूंगी।
ये भी पढ़ें-
Datia Bye Election: दतिया पहुंचे शिवराज सिंह का अलग अंदाज; मंच से गाना गाया, आई लव यू टू कहकर फ्लाइंग किस दिए
कौन हैं ज्योत्सना तलवानी
ज्योत्सना तलवानी का नाम दतिया के व्यापारिक और राजनीतिक हलकों में जाना-पहचाना है। वह स्व. लख्खा तलवानी की बेटी हैं, जो कभी नगरपालिका में उपाध्यक्ष की भूमिका निभा चुके थे और शहर के सम्मानित कारोबारियों में शुमार थे। उनकी माता माला तलवानी वर्तमान में वार्ड क्रमांक 4 से भाजपा पार्षद हैं और महिला मोर्चा की सक्रिय कार्यकर्ता मानी जाती हैं। ऐसे में ज्योत्सना का कांग्रेस में जाना भाजपा के लिए एक अप्रत्याशित झटका माना जा रहा है।
हालांकि इस पूरे मामले पर भाजपा नेतृत्व की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। कांग्रेस ने ज्योत्सना के शामिल होने को विकास और जनसेवा की राजनीति की जीत बताया है।