डॉ. नरोत्तम मिश्रा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं
नरोत्तम मिश्रा ने जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को चेतावनी भरे अंदाज में संबोधित करते हुए कहा कि वह भूलने वाले प्राणी नहीं हैं और दोस्ती व दुश्मनी दोनों याद रखते हैं। उन्होंने हाल ही में हुए चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए।
दतिया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने जिला प्रशासन पर खुलकर निशाना साधा। उन्होंने दतिया के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को चेतावनी भरे लहजे में कहा कि मैं भूलने वाला प्राणी नहीं हूं, मैं याद रखता हूं। मैं दोस्ती और दुश्मनी दोनों याद रखता हूं।
ये भी पढ़ें-
दतिया उपचुनाव: जातीय समीकरण साधने भाजपा उतारेगी दिग्गज, हर समाज के लिए अलग चुनावी प्लान
पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
डॉ. मिश्रा ने हाल ही में हुए चक्काजाम और विरोध प्रदर्शन का जिक्र करते हुए कहा कि यदि प्रशासन को हाईवे से जाम हटवाना था तो वह उसे खुलवा सकता था, लेकिन प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई करते हुए भाजपा कार्यालय पर आंसू गैस के गोले दागने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने इस कार्रवाई को अनुचित बताया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
पूर्व गृह मंत्री ने यह भी कहा कि विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कर दिए, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने संकेत दिए कि इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पार्टी और कार्यकर्ता प्रशासन के रवैये को भूले नहीं हैं। गौरतलब है कि हाल ही में दतिया में हुए विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम के बाद पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए जा रहे हैं।