बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में गुरु गोरखनाथ की भव्य प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग तेज हो गई है। अखिल भारतवर्षीय नाथ समाज ने महाकाल लोक में 108 फीट ऊंची भगवान गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर अपना अभियान तेज कर दिया है।
समाजसेवी लेखराज जोगी के नेतृत्व में नाथ समाज पिछले कई वर्षों से इस मांग को लेकर जनजागरण, जनसंपर्क और ज्ञापन अभियान चला रहा है। खास बात यह है कि इस मांग को अब तक 20 से अधिक जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिल चुका है। साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी प्रतिमा स्थापना के लिए पत्र भेजा गया है।
'गुरु गोरखनाथ जी शिव अवतारी हैं'
महंत महावीरनाथ (ऋणमुक्तेश्वर मंदिर) ने कहा कि महाकाल लोक में गुरु गोरखनाथ जी की प्रतिमा ही नहीं बल्कि उनका इतिहास भी लिखा जाना चाहिए, जिससे देशभर में नाथ संप्रदाय को मानने वाले लोग उनके इस इतिहास को पढ़कर गौरवान्वित होंगे। गुरु गोरखनाथ जी शिव अवतारी हैं। साथ ही नाथ संप्रदाय भी आदि अनादि काल से हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से हमारा यही निवेदन है कि गुरु गोरखनाथ जी की प्रतिमा महाकाल लोक में लगाई जाए जिससे वर्षों से चली आ रही नाथ संप्रदाय की यह मांग पूरी हो सके।
मुख्यमंत्री से मिला प्रतिनिधिमंडल
नाथ समाज का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिला और आगामी सिंहस्थ महाकुंभ-2028 से पहले महाकाल लोक में गुरु गोरखनाथ की 108 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित करने की मांग का ज्ञापन सौंपा। समाज के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इस मांग पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया है, जिससे समाजजनों में नई उम्मीद जगी है।
'यह सिर्फ प्रतिमा नहीं, हमारी विरासत का सम्मान है'
नाथ समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि उज्जैन नाथ परंपरा, राजा भर्तृहरि, सम्राट विक्रमादित्य और योग-साधना की पावन भूमि रही है। ऐसे में महाकाल लोक में गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा स्थापित होना भारतीय योग परंपरा और नाथ संप्रदाय की आध्यात्मिक विरासत को सम्मान देने जैसा होगा।
इन जनप्रतिनिधियों ने किया समर्थन: इस मांग को देशभर के कई जनप्रतिनिधियों का समर्थन मिला है। मुख्यमंत्री को पत्र लिखने वालों में प्रमुख रूप से शामिल हैं।
सांसद अनिल फिरोजिया (उज्जैन-आलोट)
राज्यसभा सदस्य उमेश नाथ महाराज
राजस्थान के विधायक महंत बालकनाथ योगी
छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के अध्यक्ष अमित जोगी
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
राज्यमंत्री कृष्णा गौर
विधायक रमेश मेंदोला
इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव
इसके अलावा 20 से अधिक जनप्रतिनिधियों ने भी मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इस मांग का समर्थन किया है।
महाकाल लोक में बढ़ेगी नई पहचान
नाथ समाज का कहना है कि महाकाल लोक में गुरु गोरखनाथ की 108 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित होने से न केवल उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी, बल्कि विश्वभर में गुरु गोरखनाथ के योगदान और नाथ परंपरा को भी नई पहचान प्राप्त होगी।
नाथ संप्रदाय शुरुआत से ही बाबा महाकाल से जुड़ा हुआ है। गुरु गोरखनाथ जी शिव के अवतार हैं। बाबा महाकाल के दरबार में गुरु गोरखनाथ जी की 108 फीट की प्रतिमा स्थापित होना चाहिए, जिससे कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु गुरु गोरखनाथ जी की महिमा को भी जान सकें। आने वाले समय में सिंहस्थ है। नाथ संप्रदाय चाहता है कि इसके पहले महाकाल लोक में यह प्रतिमा स्थापित हो जाए, जिससे कि नाथ संप्रदाय के गुरु गोरखनाथ की महिमा पूरे विश्व भर में विख्यात हो सके। बालकनाथ महाराज के साथ ही लगभग 20 लोग इसको लेकर पत्र लिख चुके हैं। मेरी भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से यह मांग है कि वे हमारी प्रार्थना को स्वीकार करें और गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा को जल्दी से जल्द लगाएं।
- योगी पीर रामनाथ महाराज, महंत भृतहरि गुफा उज्जैन