दमोह जिले के तेजगढ़ थाना अंतर्गत सोमवार शाम कंसा गांव के समीप बाइक सवार दंपती पेड़ से टकराकर घायल हो गए। पति पत्नी जबलपुर से इलाज कराकर लौट रहे थे। डायल 100 ने दोनों को इलाज के लिए तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने पति को मृत घोषित कर दिया और पत्नी का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
घटना के बारे में मृतक प्रतीक पिता मुन्ना असाटी (35) की पत्नी आशा असाटी ने बताया दोनों दमोह के जुझार गांव के निवासी हैं। रविवार सुबह दोनों इलाज के लिए जबलपुर गए थे। वहां से शाम को तेजगढ़ मार्ग से होकर घर जा रहे थे, लेकिन जैसे ही जंगली क्षेत्र के समीप कंसा गांव पहुंचे अचानक मुख्य मार्ग पर कुछ पत्थर पड़े थे। उन्हें बचाने में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। पति बेहोश हो गए और वह घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने डायल 100 को सूचना दी और दोनों को तेंदुखेड़ा स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया। जहां डॉक्टरों ने युवक प्रतीक को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि बाइक की रफ्तार काफी अधिक थी, जिससे सड़क पर पड़े पत्थरों को बचाने में भी काबू में नहीं आई और पेड़ से टकरा गई। प्रधान आरक्षक रघुराज ने बताया कि घटना कंसा के समीप की है। बाइक पेड़ से टकराई थी। पति, पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टर ने बाइक चालक को मृत घोषित कर दिया पत्नी सुरक्षित है। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घटना के बाद मृतक के गांव में मातम पसरा है क्योंकि सुबह दोनों यह कहकर घर से निकले थे कि शाम को सुरक्षित तरीके से घर पहुंच जाएंगे, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया।