दमोह जिले के जबेरा ब्लॉक अंतर्गत सिंग्रामपुर रानी दुर्गावती हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को इंग्लिश के पेपर को घर हल करने के आरोप लगाते हुए एक शिक्षिका को पकड़ा गया है। कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा का यह इंग्लिश का पेपर था। मामला सामने आते ही शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और कलेक्टर मयंक अग्रवाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी जांच करने स्कूल पहुंचे।
बताया जा रहा है कि शिक्षिका ने अंग्रेजी का पेपर अपने घर हल किया और उसे स्कूल में जमा करने के लिए पहुंची थी। जहां पर पहले से ही शिक्षिका पर नजर रखे हुए एक युवक ने पकड़ लिया। साथ ही उसके हाथ से उत्तर पुस्तिका भी छीन ली। इसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची।
ग्रामीणों के सामने पकड़ी गई शिक्षिका
महिला शिक्षक से उत्तर पुस्तिका पकड़ने वाले युवक सुनील कुमार शुक्ला का आरोप है कि उन्हें स्कूल में परीक्षा के दौरान नकल करवाने की जानकारी मिली थी। इसलिए वह पूरी सजगता के साथ मौके पर मौजूद थे। सोमवार को उन्होंने जैसे ही स्कूल के बाहर शिक्षिका के हाथों में कॉपी देखी, तो उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी को सूचना दी और महिला शिक्षक को मौके पर पकड़ लिया। महिला पुलिसकर्मी महिला शिक्षक से उत्तर पुस्तिका छीनने का प्रयास करती रही। युवक ने भी प्रयास किया। काफी देर तक महिला शिक्षक उत्तर पुस्तिका को अपने हाथों में दबोचे रही। हालांकि बाद में उसे छोड़ना पड़ा।
बता दें कि सोमवार को कक्षा दसवीं बोर्ड का कठिन माना जाने वाला अंग्रेजी का पेपर था। जिसकी हल की हुई कॉपी को पकड़ा गया है। शिक्षिका का नाम अंजनी राय बताया जा रहा है, जो आमघाट स्कूल में पदस्थ हैं। मामला इसलिए बेहद गंभीर है कि बोर्ड परीक्षा की आंसर शीट कॉपी पहले स्कूल से बाहर गई और प्रश्न पत्र को देखकर ही पेपर हल किया गया होगा। फिर बोर्ड का दसवीं का प्रश्न पत्र समय से पहले लीक होकर राइटर के पास पहुंचा। आंसर शीट पर प्रश्नपत्र हल किया गया व फिर आंसर शीट बदलने की कोशिश की जा रही थी। साफ है कि केंद्र अध्यक्ष भी इस खेल में शामिल हो सकते हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी एसके नेमा ने बताया कि उन्हें खबर मिली है वह स्कूल पहुंचे हैं। मामले की जांच की जाएगी व जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। पंचनामा बनाकर कलेक्टर को सौंपा जाएगा और केंद्र अध्यक्ष को हटाया जाएगा। साथ ही जिस शिक्षिका के पास यह उत्तर पुस्तिका पकड़ी गई है उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि छात्र ने उत्तर पुस्तिका में जो उत्तर पत्रक प्रस्तुत किया है वह केंद्र अध्यक्ष के पास मिला है जिसे जब्त किया गया है।
जबेरा तहसीलदार विवेक व्यास ने बताया कि सुनील शुक्ला नामक व्यक्ति द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया गया है। इसमें बताया गया है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्र आर्यन राय द्वारा डुप्लीकेट उत्तर पुस्तिका जमा की जा रही थी जिसे उन्होंने पकड़ा है। इस मामले की जांच की जा रही है और कलेक्टर के निर्देश मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने 4 प्राथमिक शिक्षकों को किया निलंबित
दमोह के सिंग्रामपुर हायर सेकंडरी स्कूल में दसवी कक्षा के इंग्लिश के पेपर की आंसर शीट पकड़े जाने के मामले में कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने चार शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में संबंधित का मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखण्ड तेन्दूखेड़ा जिला दमोह नियत किया गया है तथा संबंधित को शासन नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। शासकीय प्राथमिक स्कूल धनेटा संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंग्रामपुर के प्राथमिक शिक्षक राजकुमार यादव, शासकीय प्राथमिक स्कूल आमघाट संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंग्रामपुर की प्राथमिक शिक्षक अंजना राय, शासकीय प्राथमिक स्कूल कलूमर संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंग्रामपुर की प्राथमिक शिक्षक आभा पाठक तथा शासकीय एकीकृत माध्यमिक स्कूल कुसमी मानगढ़ संकुल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंग्रामपुर के प्राथमिक शिक्षक राजेश कुमार दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।