नगर में गर्भवती गाय की हत्या के मामले के बाद दमोह में पुलिस और प्रशासन ने अवैध मीट दुकानों और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर रविवार को पुलिस, नगर पालिका और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई इलाकों में दुकानों की जांच की। किल्लाई नाका क्षेत्र में अतिक्रमण कर संचालित की जा रही मीट दुकान के अवैध निर्माण को नगर पालिका की टीम ने जेसीबी से ढहा दिया।
किल्लाई नाका में प्रशासनिक अमला जब अतिक्रमण कर संचालित हो रही मीट दुकान पर पहुंचा तो मौके पर मौजूद दुकानदार और घर की महिला अधिकारियों से कुछ समय देने की मांग करने लगे। दोनों ने अतिक्रमण स्वयं हटाने की बात कही। हालांकि, प्रशासन ने कार्रवाई जारी रखी और नगर पालिका के अमले की मदद से मौके पर मौजूद अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ भी जमा रही।
अंडा-मांस-मछली की दुकानों की भी हुई जांच
प्रशासन की टीम ने किल्लाई नाका क्षेत्र में अंडा, मांस और मछली की दुकानों का निरीक्षण किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया ने दुकानदारों से फूड लाइसेंस और खाद्य पदार्थों से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी ली। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित नियमों के पालन की भी जानकारी ली गई। जिन दुकानों में जरूरी दस्तावेज या वैध लाइसेंस नहीं मिले, वहां कार्रवाई करते हुए दुकानें बंद कराई गईं।
नूरी नगर से कसाई मंडी तक पहुंची टीम
पुलिस और प्रशासन की टीम ने नूरी नगर, कसाई मंडी, गढ़ी मोहल्ला और चमन तिगड्डा क्षेत्र में संचालित चिकन-मटन दुकानों की भी जांच की। दुकानदारों से लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज मांगे गए।
प्रशासन की ओर से दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वैध लाइसेंस के बिना मांस का विक्रय नहीं किया जाए। साथ ही नगर पालिका द्वारा निर्धारित स्थान पर ही दुकान संचालित करने की हिदायत दी गई। सड़क किनारे या बिना अनुमति के दुकान लगाने वालों को भी चेतावनी दी गई।
ये भी पढ़ें-
मानसून की विदाई के बाद बदलेगा मौसम: दो दिन पूर्वी एमपी में बारिश के आसार, रातें ठंडी, दिन में तेज धूप से गर्मी
शहर बंद और प्रदर्शन के बाद तेज हुई कार्रवाई
गर्भवती गाय की हत्या की घटना के विरोध में शनिवार को हिंदू संगठनों ने शहर बंद कर प्रदर्शन किया था। करीब तीन घंटे चले प्रदर्शन के दौरान अवैध मीट दुकानों को बंद कराने और अतिक्रमण हटाने की मांग प्रशासन के सामने रखी गई थी। प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इसके बाद रविवार को पुलिस, नगर पालिका और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई शुरू की।
लापरवाही के आरोप में दो चौकी प्रभारी निलंबित
मामले में लापरवाही के आरोप में कसाई मंडी चौकी प्रभारी राकेश पाठक और बृजलाल पटेल को निलंबित किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, प्रशासन की लगातार कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान सीएसपी एचआर पांडे, तहसीलदार रॉबिन जैन, कोतवाली टीआई मनीष कुमार, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी माधवी बुधौलिया, नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह सहित पुलिस और प्रशासन का अमला मौजूद रहा। प्रशासन की ओर से कहा गया कि खाद्य सुरक्षा नियमों और नगर पालिका के निर्धारित मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।