बाइक चालक को गुलाब का फूल देते डाक्टर
दमोह जिले में हो रहे सड़क हादसों को रोकने के लिए जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने एक नवाचार किया। सड़क पर चल रहे कार और दो पहिया वाहन चालकों को रोका और गुलाब का फूल देकर हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील की। डॉक्टरों की यह पहल देखकर कई वाहन चालक शर्मिंदा भी हुए। घायल होने के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचना पड़ता है। ये डॉक्टर ही उनका इलाज करते हैं। लोगों ने यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प भी लिया।
जिला अस्पताल के डॉक्टर और स्टाफ अस्पताल से मुख्य सड़क पर निकले और जो बाइक चालक बिना हेलमेट के वाहन चला रहे थे, उन्हें रोककर गुलाब का फूल देकर निवेदन किया कि वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर लगाएं। आपका परिवार घर पर आपका इंतजार करता है। डॉक्टरों की यह टीम घंटाघर तक पहुंची। जो कार चालक बिना सीट बेल्ट लगाए कार चला रहे थे, उन्हें भी गुलाब का फूल देकर सीट बेल्ट लगाने की अपील की गई। इस दौरान बहुत से वाहन चालक डॉक्टरों की यह पहल देखकर शर्मिंदा भी हुए क्योंकि परिवार के लोग भी यही बात समझाते हैं।
सिविल सर्जन डॉ. राजेश नामदेव ने बताया कि अस्पताल से एक रैली निकाली गई। इसमें डॉक्टर और कर्मचारी हाथों में यातायात नियम संबंधी तख्तियां और गुलाब का फूल लेकर चल रहे थे। वाहन चालकों को यह फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। आरएमओ डॉ. विशाल शुक्ला ने बताया कि करीब 50 वाहन चालकों को यह गुलाब के फूल देकर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। इस मौके पर डॉ मनीष संगतानी, डॉ माधुरी चौधरी, व्यवस्थापक सुरेंद्र सिंह राजपूत के अलावा डॉक्टर और स्टाफ विशेष रूप से मौजूद रहा।