दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में आने वाले तेजगढ़ गांव में बुधवार शाम एक शराबी बस चालक ने पहले ऑटो में टक्कर मार दी, उसके बाद सड़क पर बैठे पांच मवेशियों को रौंद दिया। इसमें तीन बेजुबान मवेशियों की मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना देखी उसके बाद बस चालक को पकड़ा। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना को लेकर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेजगढ़ बस स्टैंड पर शाम के समय एक खाली बस ने पहले एक ऑटो को कट मारा और उसके बाद दमोह मार्ग की तरफ निकल गई। कुछ ही देर बाद तीन मवेशियों को टक्कर मारी, जिसमें दो की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हैं।घटना के बाद ग्रामीण एकत्रित होने लगे यह देख बस चालक ने तेजी से आगे बस को बढ़ाया, लेकिन करोदी तिराहा पर फिर दो मवेशियों को टक्कर मार दी। इसमें एक की मौत हो गई और एक घायल हो गया। लगातार घटना देख ग्रामीणों ने बस को रोका और चालक की पिटाई शुरू कर दी, बाद में मौके पर पहुंची पुलिस चालक को लेकर तेजगढ़ थाने आ गई। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है, वहीं विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने तेजगढ़ थाने पहुंचकर एक ज्ञापन थाना प्रभारी के नाम दिया है। इसमें लिखा है लगातार वाहन चालक की लापरवाही से मवेशियों की मौत हो रही है, इसलिए ऐसे वाहन चालक जो लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हैं, उन पर कार्रवाई की जाए। ग्राम माडनखेड़ा निवासी अखलेश लोधी ने बताया कि बुधवार को बस खाली थी जिसके चालक ने पहले तेजगढ़ बस स्टैंड पर एक ऑटो को टक्कर मारी जिसका चालक सुरक्षित है। आगे तीन मवेशियों को कुचला और उसके आगे फिर दो मवेशी पर वाहन चढ़ा दिया जिसमें तीन मवेशियों की मौत हो गई। चालक और बस को हम लोगो ने तेजगढ़ पुलिस के हवाले किया है और नियमानुसार कार्रवाई करने विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है।
ये भी पढ़ें-
बच्चे को गेट के बाहर खड़ा कर पिता ने दौड़ाई कार, पुलिस को देख किया भागने का प्रसास, जानें मामला
तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद्र लोधी ने बताया कि बस का चालक शराब के नशे में था। पांच गायों को कुचला गया है जिसमें तीन की मौत हो गई है दो गंभीर है। चालक पर मामला दर्ज करके बस को जब्त किया गया है। बस किस रूट की है इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है। बस मां वैष्णो ट्रेवल्स कंपनी की है।