जनपद सीईओ को समस्या बताते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में आने वाली ग्राम पंचायत बमोहरी के ग्रामीणों को निकलने के लिए शासकीय रास्ते पर दबंगों ने पत्थरों की दीवार उठा ली है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। इसी समस्या के निराकरण के लिए ग्रामीण मंगलवार को जनपद सीईओ मनीष बागरी के पास पहुंचे। उन्होंने बताया जिस मार्ग पर पंचायत को सड़क बनानी है, वहां दबंगों द्वारा कब्जा कर लिया है, उसे हटाया जाए। हमारा आवागमन भी बाधित हो रहा है। सीईओ ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
ग्रामीण चरनपाल ने बताया, बमोहरी ग्राम पंचायत के पाल मोहल्ला में शासकीय सैर निकली है। जिस पर गांव के साहब सिंह ने अवैध पत्थर की खखरी निर्माण कर ली है, जिस समय खखरी निर्माण हो रहा था। हम लोगों ने उसी समय आपत्ति दर्ज कराई थी। तब दूसरे पक्ष ने खखरी हटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब वह खखरी नहीं हटा रहे हैं।
हिम्मत पाल ने बताया पूर्व में भी हम लोगों ने जनसुनवाई में आकर आवेदन दिया था। खखरी हटाने की मांग की थी। लेकिन आज तक कार्रवाई नहीं हुई है। हम लोगों को मवेशियों और वाहन निकालने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि जिस जगह से निकासी है, उसी के बीच में खखरी बांधा बन रही है।
भारत पाल ने बताया कि जिस जगह पर खखरी का निर्माण हुआ है, वहां पर पंचायत कच्ची सड़क बना रही है। इससे हमारे घर तक आने का रास्ता सुविधाजनक हो सके, लेकिन बीच में अवैध रूप से निर्माण हुई खखरी बांधा बन गई है। तेंदूखेड़ा जनपद सीईओ मनीष बागरी ने बताया कि बमोहरी से पाल समाज के दर्जनों ग्रामीणों ने शिकायत दर्ज कराई है कि शासकीय रास्ते में कुछ लोगों ने अवैध अतिक्रमण के रूप में खखरी बना ली है। तहसीलदार को अतिक्रमण हटाने पत्र भेजा जा रहा है।