दमोह के नजदीकी रेलवे स्टेशन पर दो युवक ट्रेन की चपेट में आ गए।
- फोटो : सोशल मीडिया
दमोह कटनी रेलवे स्टेशन के बीच स्थित गोलापटी स्टेशन के समीप दो युवकों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना नोहटा थाना की बनवार पुलिस चौकी अंतर्गत घटित हुई। घटना मंगलवार रात की है। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को उठाकर जबेरा स्वास्थ्य केन्द्र पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक छेघरा गांव के रहने वाले हैं। उनके नाम सूरज पिता बाबू सिंह आदिवासी (40) और मल्लू पिता टीकाराम आदिवासी (25) बताए गए हैं। दोनों मंगलवार रात तीसरी रेलवे लाइन की पटरियों से सागोनी हाट बाजार करके घर लौट रहे। तभी ट्रेन आ गई और दोनों की चपेट में आ जाने से मौत हो गई। हालांकि रेलवे ट्रैक के किनारे से कच्चा रास्ता है, लेकिन युवक कच्चे रास्ते से न जाकर रेलवे ट्रैक से आ रहे थे, जहां पर तीसरी लाइन होने की वजह से तीनों साइड से ट्रेन आती जाती है। घटनास्थल पर बाजार से खरीदी करके लौट रहे युवकों का थैला और सब्जी व अन्य सामग्री बिखरी पड़ी मिली।
सुबह लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। बनवार चौकी प्रभारी मनीष यादव ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को रेलवे ट्रेक से अपने कब्जे में लेकर पंचनामा बनाया। कायमी के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है।