दमोह के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत पीएम आवास के एक ब्लॉक में गुरुवार देर रात अचानक आग लग गई। इस आग में सीढ़ियों के पास खड़ी तीन बाइक और एक साइकिल जलकर पूरी तरह खाक हो गई। ब्लॉक के पहली मंजिल पर रहने वाले लोगों को जब आग लगने की जानकारी हुई तो उन्होंने आकर देखा कि काफी तेज लपटें निकल रही हैं। जान बचाकर सभी लोग छत पर पहुंचे और वहां से सड़क पर आवाज देकर रहे लोगों को मदद के लिए पुकारा। उन लोगों ने मदद की तब जाकर आग पर काबू पाया जा सका। फायर ब्रिगेड की मदद से जब तक आग बुझी तीन बाइक जलकर खाक हो गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।
पीएम आवास में रहने वाले नीलेश गुप्ता ने बताया कि उनकी बाइक भी इस आग में पूरी तरह जल गई है। साथ में दो अन्य बाइक और एक साइकिल भी जल गईं। आग कैसे लगी इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन संभावना है कि शॉर्ट सर्किट के कारण ही आग लगी होगी। गुरुवार रात आग की लपटें उठने के बाद सभी लोग दौड़कर छत पर पहुंचे और वहां से रास्ते में चल रहे लोगों को आवाज लगाई, तो उन्होंने आकर मदद की। फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया, लेकिन तब तक आग में सब कुछ जलकर खाक हो चुका था। पुलिस भी मौके पर पहुंची थी घटना की जानकारी कोतवाली में दर्ज कराई है। इसी पीएम आवास कॉलोनी में रहने वाले नगर पालिका के रिटायर्ड कर्मचारी रमेश कुमार सोनी ने बताया कि पीएम आवास के भवन की गुणवत्ता काफी खराब है। जरा सा हाथ रखने पर ही दीवार गिरने लगती है। सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। मजबूरी में लोगों को अपने वाहनों को सीढ़ियों के नीचे और गेट के भीतर रखना पड़ता है, क्योंकि यहां बाहर चोरियां बहुत होती हैं। स्ट्रीट लाइट नहीं जलती, साफ सफाई नहीं की जाती। नगर पालिका कचरा नहीं उठाती और भी बहुत सी परेशानियां हैं। वे चाहते हैं कि जिला प्रशासन और नगर पालिका पीएम आवास में रहने वाले लोगों की तरफ भी कुछ ध्यान दें, ताकि हमारी समस्याओं का समाधान हो सके।