निदान वाटरफॉल में युवक की तलाश में जुटी टीम।
- फोटो : अमर उजाला
दमोह जिले के जबेरा थाना की सिग्रामपुर चौकी अंतर्गत रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के निदान जलप्रपात में शनिवार को फिसलकर गहरे जल कुंड में डूबे युवक का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। एसडीआरएफ की टीम युवक की खोज में सैकड़ों फिट पहाड़ी इलाके और पानी में जुटी है, लेकिन अब तक कोई सफलता नहीं मिली है।
दमोह के देहात थाना के करैया राख गांव निवासी 22 वर्षीय ध्रुव पटेल शनिवार दोपहर अपने दोस्तों के साथ निदान वाटरफॉल में नहाने आया था। वॉटरफॉल की तेज जलधारा के नीचे नहाते वक्त उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुंड में डूब गया। उसकी गुमशुदगी की सूचना तुरंत पुलिस और वन विभाग को दी गई।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस, वन अमला और एसडीआरएफ की टीम ने जलप्रपात के कुंड में युवक की खोज शुरू की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। एसडीआरएफ की दो टीमों को बारिश और खराब मौसम के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सोमवार सुबह गोताखोरों की मदद से कुंड में खोज अभियान फिर से शुरू किया गया।
इस समय सबसे बड़ी चुनौती घना जंगल और बड़ी-बड़ी चट्टानों के बीच लापता युवक का पता लगाना है। वॉटरफॉल का पानी बहुत तेज बह रहा है, जिससे खोज की प्रक्रिया और कठिन हो गई है। तेंदूखेड़ा एसडीओपी देवी सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस और वन विभाग के साथ एसडीआरएफ की दो टीमें युवक की खोज में लगी हैं।
होमगार्ड के डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट हर्ष जैन ने भी पुष्टि की है कि एसडीआरएफ की टीम युवक की खोज कर रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। जंगल और चट्टानों की कठिनाइयों के कारण खोज में मुश्किलें आ रही हैं।