जिले के तारादेही में सर्पदंश का अनोखा मामला सामने आया है। जिसमें सांप के डसने से बहू की मौत हो गई और सास का इलाज चल रहा है। मामला अनोखा इसलिए है, क्योंकि सास व बहू के घर की दूरी दस किमी है। पहले बहू की मौत हुई थी, जिसके अंतिम संस्कार में आने के लिए सास तैयारी कर रही थी, तभी उसे भी सांप ने डस लिया।
इस तरह समझिए घटनाक्रम
शनिवार की रात्रि तारादेही थाना अंतर्गत कुदपूरा गांव निवासी सूरजबाई उर्फ अंजनी पति रवि आदिवासी (24) को सोते समय सांप ने डस लिया। परिवार के लोग उसे इलाज के लिए तेंदूखेड़ा स्वास्थय केंद्र लेकर आए, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां रविवार सुबह उसकी मौत हो गई। जानकारी लगते ही रिश्तेदार उसके अंतिम संस्कार में पहुंचने की तैयारी कर रहे थे। कुदपूरा से दस किलोमीटर दूर फुलर गांव में मृतका की चाची रहती है, वह भी कुदपूरा जाने तैयार हो रही थी। तभी रविवार सुबह घर में आए रिश्तेदार के लिए वह चाय बना रही थी, उसी दौरान उसे भी सांप ने डस लिया। परिजन गंभीर हालत में महिला को अस्पताल ले गए। ग्राम पंचायत कूदपूरा के सरपंच पुशू सिंह ने बताया कि रात्रि में सोते समय एक नवविवाहिता को सांप ने डस लिया था। महिला को उपचार के लिए परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई।