दमोह जिले के तेंदूखेड़ा ब्लॉक में आने वाली बमनोदा ग्राम पंचायत के सतापेरी गांव में शनिवार सुबह खेत पर मशीन चालू करने गए किसान पर तेंदुए ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीणों को जानकारी लगी तो उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ भाग गया।
घायल किसान को इलाज के लिए सर्रा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया और घटना की जानकारी नौरादेही अभ्यारण्य के अधिकारियो को दी है। मामला व्यारमा नदी के समीप का है। यहां सतपेरी गांव निवासी किसान छिदामी पिता मिट्ठू गोड़ (60) शनिवार सुबह नदी किनारे खेत पर रखी मोटर चालू करने गया था। उसी दौरान तेंदुआ ने उस पर हमला कर दिया। पेट और हाथ में कई जगह उसने हमला किया। तभी ग्रामीणों का शोर सुनते ही वह भाग गया। बाद में किसान घायल अवस्था में अपने गांव आया। परिजन उसे लेकर सर्रा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां घायल का इलाज हुआ। बाद में मामले की सूचना सर्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी को दी गई।
किसान छिदामी आदिवासी ने बताया कि वह खेतों में पानी देने मोटर चालू करने गया था। उसी समय तेंदुए ने हमला कर दिया। तेंदुआ क्षेत्र में है और यह क्षेत्र नौरादेही की सर्रा रेंज में आता है। सर्रा निवासी मान सिंह यादव ने बताया कि तेंदुआ सर्रा और आसपास के क्षेत्र में बड़ी सख्या में है।सर्रा वन परिक्षेत्र अधिकारी वलविंदर सिंह से ने बताया, छिदामी आदिवासी ने तेंदुए द्वारा हमला करने की बात कही है, उसका उपचार कराया गया है। मैं भी मौके पर जाकर निरीक्षण करता हूं।
चारो और हैं जानवर
तेंदूखेड़ा ब्लॉक में अब चारो ओर शाकाहारी और मांसाहारी जंगली जानवरों ने अपना बसेरा बना लिया है। तेंदूखेड़ा का आधे से ज्यादा भाग अब रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व का हिस्सा बन गया और जो बचा हिस्सा है, वह सामान्य वन में आता है।