जिले के जबेरा ब्लॉक की कुसमी नदी के हरदुआ पुल पर गुरुवार रात एक मगरमच्छ नदी के पानी से बाहर निकलकर पुल ऊपर चहल-कदमी करते हुए दिखाई दिया। गांव के पास स्थित इस पुल पर अचानक मगरमच्छ को देखकर राहगीर दहशत में आ गए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने दूर से उसके वीडियो भी बना डाले। कुछ देर बाद लोगों की आहट सुनकर मगरमच्छ तेज रफ्तार में भागने लगा और वापस नदी में चला गया।
सिग्रामपुर रेंज के कुसमी गांव के लोगों ने बताया हरदुआ पुल पर गुरुवार रात मगरमच्छ टहलता हुआ दिखाई दिया, वहीं कुसमी नदी मंदिर के पास एक और मगरमच्छ बैठा हुआ था, इसके अलावा ग्रामीणों को दो और मगरमच्छ नदी में तैरते हुए दिखाई दिए। गांव में मगरमच्छ की दहशत इस कदर फैल गई है कि लोग नदी में पानी भरने तक नहीं जा रहे। पितृ पक्ष में नदी में तर्पण करने गए लोगों को भी मगरमच्छ दिखाई दिए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कुसमी नदी के हरदुआ, लमतरा और कुसमी के बीचोंबीच दर्जनों की संख्या में छोटे-बड़े मगरमच्छ हैं, जिन्होंने कई कुत्तों और मवेशियों का शिकार किया है। ये मगरमच्छ अक्सर नदी से निकलकर तट पर बैठे दिखाई देते हैं या नदी में तैरते हुए देखे जा सकते हैं। यहां तक कि रात में पुल व सड़क पर भी चहल-कदमी करते भी दिखाई दिए हैं।
सिग्रामपुर रेंजर आश्रय उपाध्याय का कहना है कि इसकी जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचकर गांव में मुनादी करवाकर लोगों को सख्त हिदायत दी गई है कि बच्चे और ग्रामीण नदी के आसपास न जाएं और न ही मवेशियों को भेजें। रेस्क्यू टीम निरंतर निगरानी कर रही है। वर्तमान में नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है और जैसे ही नदी का जलस्तर कम होता है और रेस्क्यू की स्थिति बनती है मगरमच्छों का रेस्क्यू किया जाएगा। गांव में पिंजरे रखवा दिए हैं और रेस्क्यू टीम अलर्ट मोड में है।