दमोह की हटा विधानसभा से भाजपा विधायक उमादेवी खटीक हैं। इस विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की अंदुरूनी कलह सामने आई है। यहां की विधायक उमादेवी खटीक के खिलाफ उन्हीं की पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है। इन लोगों ने भोपाल जाकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में विधायक के खिलाफ शिकायत की है।
दरअसल पूरा विवाद जनपद अध्यक्ष उपचुनाव से शुरू हुआ था। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि विधायक पक्षपातपूर्ण रवैया अपना रही हैं। केवल अपने चहेतों को लाभ पहुंचा रही हैं। इससे भाजपा का फायदा ना होकर क्षेत्र में विधायक को फायदा हो रहा है। पटेरा जनपद उपाध्यक्ष राजेश पटेल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विधायक ने जनपद पंचायत पटेरा में अपने दलाल नियुक्त कर रखे हैं। इनमें भरत पटेल प्रमुख है, जो विधायक के संरक्षण में प्रत्येक पंचायत से अवैध वसूली करता है।
जनपद अध्यक्ष उपचुनाव से शुरू हुआ विवाद
दरअसल 10 दिन पहले हुए हटा जनपद अध्यक्ष उपचुनाव के दौरान स्थिति और बिगड़ गई। जब विधायक खटीक और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शिवचरण पटेल के बीच गुटबाजी सामने आई। चुनाव के दौरान विधायक के निर्वाचन स्थल की पत्रकार दीर्घा में पहुंचने पर शिवचरण पटेल और उनके समर्थकों ने विरोध में नारेबाजी की। इसके बाद विधायक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया था। इस पूरे मामले में विधायक का कहना है कि उनको बिना मतलब के बदनाम किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ता भोपाल स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचे और प्रदेश महामंत्री बीडी सबनानी को एक ज्ञापन बी सौंपा है।