दमोह में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शनिवार को भी शुरू की गई और बकौली लाइन में जब नगर पालिका और राजस्व विभाग के अधिकारी कार्रवाई करने पहुंचे। तब एक किराना व्यापारी अधिकारियों से विवाद करने लगा। उसने कहा कि उसकी जानकारी के बिना नमक की बोरियां क्यों उठाई जा रही है।
बता दें शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशन में नगर पालिका, राजस्व अमला और पुलिस प्रशासन इन तीनों के द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पिछले 5 दिन से की जा रही है। शनिवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के लोग जब बकौली में अतिक्रमन हटाने पहुंचे, वहां सबसे अधिक किराना व्यापारी अपनी दुकानों का संचालन करते हैं। जिनके द्वारा दुकान के बाहर नमक व अन्य कई बोरियां रखी गई थी।
तहसीलदार के निर्देश पर जब नगर पालिका के सफाई कर्मचारी एक दुकान के बाहर रखी नमक की बोरियां उठा रहे थे। तब व्यापारी विवाद करने लगा उसने कर्मचारियों से कहा कि उसकी जानकारी के बिना यह नमक की बोरियां कैसे उठाई जा रही है और वह कचरा गाड़ी में से यह नमक की बोरियां उठाकर वापस दुकान में रखने लगा। जैसे ही नगर पालिका कर्मचारियों ने दमोह तहसीलदार जैन को यह जानकारी दी तो वह दुकानदार के पास पहुंचे।