पुलिस से उलझते बजरंग दल के नगर संयोजक
- फोटो : अमर उजाला
दमोह के तहसील मैदान में इन दिनों नवरात्र के मौके पर गरबा नृत्य का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार रात को अचानक यहां बजरंग दल के नगर संयोजक अनुराग यादव छुट्टू ने बवाल कर दिया। उनका कहना था कि यहां पर हमारे धर्म की महिलाएं नृत्य कर रही हैं, जिन्हें दूसरे धर्म के लोग देख रहे हैं, जो उन्हें पसंद नहीं है। इसलिए गरबा बंद किया जाए।
पुलिस ने कराया मामला शांत
इसपर आयोजन समिति ने आपत्ति जताई और पुलिस को खबर कर दी। मौके पर पहुंचे दमोह कोतवाली के टीआई भी काफी देर तक बजरंग दल नगर संयोजक से बात करते रहे और उन्हें वहां से जाने के लिए कहते रहे। हालांकि काफी देर कहासुनी के बाद पुलिस यादव को मैदान से बाहर लेकर गई। उसके बाद फिर से गरबा शुरू किया गया।
नगर संयोजक अनुराग यादव ने जताई थी आपत्ति
बजरंग दल नगर संयोजक यादव का कहना था कि हमारे धर्म की महिलाओं के नृत्य को दूसरे धर्म के लोग देख रहे हैं, जो उन्हें पसंद नहीं है। आयोजक समिति के संचालक अमर सिंह राजपूत का कहना था कि गरबे में केवल हिंदू धर्म की महिलाएं और बेटियां शामिल है। अन्य किसी धर्म के लोगों को यहां पर आयोजन में शामिल होने की अनुमति नहीं है, लेकिन मैदान में खड़े होकर कोई भी धर्म का व्यक्ति इस आयोजन को देख सकता है।
आपको बता दें कि विवाद इतना बढ़ गया था कि गाली गलौज की नौबत आ गई थी। जिसके बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस नगर संयोजक को समझा बुझाकर बाहर लेकर गई। इधर, टीआई का कहना है कि बेवजह विवाद की स्थिति निर्मित की गई थी। आयोजन समिति को कोई आपत्ति नहीं थी। यादव के द्वारा बवाल किया जा रहा था, जिन्हें समझाइश देकर बाहर भेज दिया था।