दमोह जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थ क्षेत्र कुंडलपुर में 21 अप्रैल रविवार को महावीर जयंती के मौके पर बड़े बाबा के सिर पर 250 किलो चांदी का छत्र चढ़ाया जाएगा। यह छत्र दिल्ली के एक परिवार ने गुप्त दान किया है। परिवार ने यह छत्र कुंडलपुर ट्रस्ट के सुपूर्द कर दिया है। छत्र पर आकर्षक लाइट्स के अलावा चांदी पर सोने की परत भी दिखाई दे रही है।
कुंडलपुर के बड़े बाबा मंदिर में विराजमान भगवान आदिनाथ की 15 फीट ऊंची प्रतिमा है जो 1500 वर्ष पुरानी बताई जाती है। यह प्रतिमा मंदिर में पद्मासन में विराजित है। इन्हें जैन अनुयायी बड़े बाबा के नाम से पुकारते हैं। ब्रह्मचारी सुनील भैया ने बताया कि छत्र दिल्ली से कुंडलपुर पहुंचने के बाद ट्रस्ट के हैंडओवर किया गया है। चांदी का छत्र चढ़ाने वाला श्रद्धालु परिवार दिल्ली का रहने वाला है। परिवार के सदस्यों की ऐसी भावना थी। उन्होंने गुप्तदान के तहत छत्र चढ़ाया है। संभवतः उन्होंने बड़े बाबा के दरबार में कोई मनोकामना मांगी थी जो पूर्ण हो गई होगी। इसी वजह से उन्होंने यह भेंट की है। मंदिर में बड़े बाबा के शिखर पर सोने का कलश भी चढ़ाया जाना है। इसका काम चल रहा है। शिखर पर तांबे का कलश पहुंचा दिया गया है अब उसके ऊपर सोने की परत चढ़ाने का काम चल रहा है जो जल्द ही पूरा हो जाएगा।