जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के भदौली गांव में सर्दी-जुकाम का इलाज कराने गई 55 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर पर गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
इलाज के बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार भदौली निवासी फूलरानी पटेल को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी। परिजन चुरामन पटेल के मुताबिक रविवार को महिला गांव के ही गोलू पटेल नामक डॉक्टर के पास इलाज कराने गई थीं। आरोप है कि वहां उन्हें दवाइयां देने के साथ इंजेक्शन भी लगाया गया। घर लौटने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजनों का कहना है कि शाम को जब वे दोबारा संबंधित डॉक्टर के पास पहुंचे तो महिला की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद परिजन फूलरानी को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़ें: उमरिया: काल बनकर हाईवे किनारे दुकान में घुसा बेकाबू कैप्सूल वाहन, बेटे की मौत, पिता गंभीर रूप से घायल
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
महिला की मौत के बाद शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। वहीं सोमवार सुबह पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने कथित झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल परिजनों की ओर से गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया गया है। महिला की मौत इंजेक्शन या इलाज से संबंधित थी अथवा इसके पीछे कोई अन्य कारण था यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।