दमोह में कोतवाली थाना क्षेत्र के मोरगंज गल्ला मंडी में एक इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्स के गोदाम से अज्ञात चोरों ने फिल्मी अंदाज में लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने दिन में जाकर गोदाम के बाजू में संचालित मेडिकल दुकान से बिजली कनेक्शन लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स की गोदाम के ताले काटकर नए ताले डाल दिए और रात में आकर अपने ताले खोलकर गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल ट्रक में भरकर रफूचक्कर हो गए। चोरी करने के बाद अज्ञात चोरों ने दुकान में वापस अपने ताले डाल दिए ताकि आस-पड़ोस के लोगों को किसी तरह का संदेह ना हो। चोरी के दो दिन बाद दुकान के कर्मचारी ने मालिक को बताया कि गोदाम के ताले बदल चुके हैं। जाकर देखा तो गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल चोरी हो चुका था।
स्टेशन चौराहे पर संचालित दीपक इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रोपराइटर दीपक तिवारी ने बताया कि उनके पिता बीमार थे, जिनका इलाज कराने के लिए वह करीब 10 दिनों से दमोह से नागपुर गए थे। 9 जुलाई को जब वह दमोह पहुंचे, तो उनके कर्मचारी ने बताया कि गोदाम में जो ताले लगे हैं, वह अपने नहीं हैं। जाकर देखा तो बात सच निकली। जिसके बाद लोगों ने पुलिस को खबर दी। ताले तोड़कर देखा तो गोदाम में रखे एसी, फ्रिज, कूलर और अन्य करीब 15 लाख रुपये की इलेक्ट्रॉनिक सामग्री चोरी हो चुकी थी। इसके बाद आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे गए, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आ गई।
दुकान संचालक तिवारी ने बताया कि सात जुलाई की दोपहर में आरोपी गोदाम पहुंचे, उन्होंने पड़ोस में संचालित मेडिकल दुकान के संचालक से कटर चलाने के लिए बिजली कनेक्शन मांगा और संभवत यह कहते हुए दुकान के दोनों ताले काट दिए की इन तालों की चाबी गुम हो गई है और नए ताले डालना हैं। आरोपियों ने कटर से गोदाम के दोनों ताले काटे और नए ताले डालकर चले गए। देर रात अज्ञात चोर ट्रक लेकर गोदाम पहुंचे और ताले खोलकर बड़ी ही आसानी से गोदाम का सारा माल ट्रक में भरकर ले गए। इन दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज पुलिस को दिए हैं। अब पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ एफ आई आर दर्ज की है, लेकिन आरोपी पकड़ से बाहर हैं।