दमोह में पथरिया थाना के जोरताला गांव में एक नवविवाहिता अपने एक साल के मासूम बच्चे नाजू के साथ कुएं में कूद गई। जब तक उन्हें निकाला गया, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। महिला पांच दिन पहले ससुराल से अपने मायके आई थी। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, मौत का कारण अभी अज्ञात है और परिवार के लोग भी किसी तरह का कोई भी आरोप नहीं लगा रहे।
शनिवार शाम सबीना पति नइम खान अपने मायके जोरताला में अपने बेटे के साथ घर के बाहर खड़ी थी। स्वास्थ्य ठीक नहीं था, इसलिए उसके पिता उसे दमोह अस्पताल दिखाने के लिए ला रहे थे। किसी काम से पिता घर के भीतर गए और इसी दौरान महिला ने अपने बच्चे के साथ पड़ोस में बने कुएं में छलांग लगा दी। जब पिता निकलकर बाहर आए, इधर- उधर देखा तो पता चला कि कुएं से आवाज आ रही। जब तक बचाने का प्रयास किया, दोनों की मौत हो चुकी थी।
मृतका के भाई जफर खान ने बताया, वह घटना के समय इमलाई में था। परिवार के लोगों ने सूचना दी तो वह जोरताला गांव पहुंचा, लेकिन जब तक उसकी बहन और भांजे की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद फुटेरा गांव से ससुराल पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिवार के लोग हैरान हैं कि आखिरकार उनकी बेटी ने ऐसा कदम क्यों उठाया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतिका पांच दिन पहले अपने ससुराल फुटेरा से मायके जोरताला आई थी। ससुराल में उसका कोई विवाद भी हुआ था, अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।