एसडीआरएफ ने तलैया से बाहर निकाला शव
- फोटो : अमर उजाला
जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत दमयंती नगर के पास स्थित तलैया में मंगलवार दोपहर नहाने गए 50 वर्षीय अधेड़ की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधेड़ की तलाश शुरू की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया और करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद टीम ने शव को तलैया से बाहर निकाल लिया।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय चंदू पिता रामकृष्ण यादव, निवासी आमचोपरा के रूप में हुई है। जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल के अनुसार मंगलवार दोपहर चंदू यादव दमयंती नगर तलैया में नहाने के लिए पानी में उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने के बाद वापस बाहर नहीं आ पाए। स्थानीय लोगों ने उन्हें पानी में डूबते देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: जल जीवन में खेला: 3.85 करोड़ का पूरा भुगतान करने के बाद जांच में टूटी टंकी, घरों में नल नदारद; केस दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तलैया में तलाश शुरू की लेकिन काफी प्रयास के बाद भी चंदू यादव का पता नहीं चल सका। इसके बाद एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। प्लाटून कमांडर प्राची दुबे के नेतृत्व में एसडीईआरएफ टीम ने लाइफ जैकेट और मोटर बोट की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने शव को पानी से बाहर निकाल लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।