दमोह में रतनजोत के बीज खाने से बच्चे बीमार हो गए।
- फोटो : सोशल मीडिया
दमोह जिले में रतनजोत के बीज खाने से 18 बच्चे बीमार हो गए। उल्टियां होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है। इलाज के बाद अब हालत में सुधार है।
जानकारी के अनुसार मामला दमोह जिले के जबेरा ब्लॉक के हनुमत डोंगरी गांव का है। यहां के प्राथमिक स्कूल में पढ़ने वाले 18 बच्चों को सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के दौरान उल्टियां होने लगीं। घबराए शिक्षकों ने जब पूछताछ की तो पता चला कि स्कूल में उन्होंने रतनजोत के बीज खा लिए थे। तुरंत बच्चों के परिजनों को सूचना दी गई। परिजन बच्चों को लेकर अभाना स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बच्चों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया। जिला अस्पताल में इलाज के बाद बच्चों की हालत में सुधार है।