फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओंकारेश्वर: दादा गुरु की 125 दिवसीय निराहार नर्मदा परिक्रमा शुरू, सीएम मोहन यादव ने लिया संकल्प

Tue, 24 Nov 2026 02:24 PM IST
प्रतीक कुमार पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ओंकारेश्वर

सार

तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में मंगलवार को अवधूत संत दादा गुरु की पांचवीं निराहार नर्मदा परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संत-महात्माओं और श्रद्धालुओं के साथ परिक्रमा का संकल्प लिया। यह आध्यात्मिक यात्रा 125 दिनों तक चलेगी और इसका समापन ओंकारेश्वर में ही होगा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी सहित कई मंत्री, सांसद और विधायक शामिल हुए।
विज्ञापन
संकल्प लेते सीएम मोहन यादव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मंगलवार को तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में अवधूत संत दादा गुरु की पांचवीं निराहार नर्मदा परिक्रमा का शुभारंभ हुआ। इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन में मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए। उन्होंने संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों और हजारों श्रद्धालुओं के साथ मां नर्मदा की परिक्रमा का संकल्प लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई पंकज मोदी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
विज्ञापन


यह परिक्रमा 125 दिनों तक निराहार रहकर की जाएगी, जिसका समापन पुनः ओंकारेश्वर में होगा। इस कठिन आध्यात्मिक संकल्प को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं और साधु-संतों में विशेष उत्साह है। आयोजन में कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, कैलाश विजयवर्गीय, विश्वास सारंग, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल और विधायक नारायण पटेल भी मौजूद थे। महामंडलेश्वर साध्वी सत्यप्रिया दीदी भी इस अवसर पर उपस्थित रहीं।

क्या है नर्मदा परिक्रमा का आध्यात्मिक महत्व?
दादा गुरु ने अपने संबोधन में नर्मदा परिक्रमा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, 'नर्मदा परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं है, बल्कि यह भक्ति, जीवन और आत्मसाधना का आधार है।' उन्होंने इसे विश्व की सबसे बड़ी जीवंत आध्यात्मिक साधनाओं में से एक बताया। दादा गुरु ने साधना की महत्ता बताते हुए कहा, 'चलते हैं तो साधना है और बैठते हैं तो आराधना है।' उन्होंने भारत की आध्यात्मिक शक्ति और ऋषि-मुनियों की तपस्या को देश की वास्तविक पहचान बताया। हमारी सनातन परंपरा में तप, त्याग, सेवा और साधना का विशेष महत्व रहा है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री ने किया तपस्या का अभिनंदन
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दादा गुरु के कठिन आध्यात्मिक संकल्प का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार इस महान आध्यात्मिक साधना को नमन करती है। मुख्यमंत्री ने मां नर्मदा की महिमा और ओंकारेश्वर की आध्यात्मिक महत्ता का भी उल्लेख किया। उन्होंने संतों की तपस्या को भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दादा गुरु का यह संकल्प आध्यात्मिक चेतना और श्रद्धा का महत्वपूर्ण संदेश देता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति को नई पहचान मिलने की बात कही।

125 दिवसीय निराहार साधना
महामंडलेश्वर साध्वी सत्यप्रिया दीदी ने बताया कि दादा गुरु की निराहार नर्मदा परिक्रमा 125 दिनों तक चलेगी। इस कठिन आध्यात्मिक यात्रा का समापन तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में ही होगा। उन्होंने कहा कि साधना में भौतिक सुख-सुविधाओं से अधिक महत्व गुरु की वाणी और आध्यात्मिक भाव का है। तपस्या का वास्तविक उद्देश्य आत्मिक चेतना को जागृत करना और परमात्मा से जुड़ना है। दादा गुरु की इस परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। मां नर्मदा के प्रति समर्पण और गुरु के प्रति श्रद्धा के भाव के साथ बड़ी संख्या में लोग इस आध्यात्मिक अभियान से जुड़ रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें