सागर में चार दिन की बच्ची मिली है।
- फोटो : अमर उजाला
सागर जिले के बहेरिया थाना अंतर्गत ग्राम पिपरिया करकट में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां चार दिन की नवजात गांव में एक घर के सामने लावारिस हालत में पड़ी मिली। गाव में रहने वाली ममता नायक सुबह पांच बजे घर के बाहर निकली तो उसे बच्ची के रोने की आवाज आई। तब उसने परिजनों को बुलाया। पुलिस को भी सूचित किया गया।
जानकारी के अनुसार सुबह पांच बजे कपड़ों में लिपटी नवजात बच्ची को खुले में लावारिस पड़ा देख लोग सन्न रह गए। महिला ममता नायक सुबह घर से निकली तो नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। महिला के बुलाने पर परिजन घर के बाहर आए। देखा तो बच्ची लावारिस हालत में पड़ी थी। महिला के परिजनों ने पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और 108 की मदद से बच्ची को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। बच्ची का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। वह पूरी तरह स्वस्थ है। नवजात के माता-पिता का अब तक पता नहीं चला है। मौके पर पहुंचे निरीक्षक केएल अहिरवार ने बताया कि पिपरिया करकट गांव की महिला ममता नायक ने डायल हंड्रेड पर सूचना दी थी कि घर के पास कोई अज्ञात व्यक्ति बच्ची को डालकर चला गया है। महिला के परिजन 108 से बच्ची को हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर बच्ची के माता-पिता की तलाश शुरू कर दी है।