जहां बच्ची की हत्या की गई उस स्थान पर 350 मीटर के दायरे में 3 पुलिस पॉइंट हैं। लेकिन रात में गश्त करने के लिए वहां कोई अधिकारी नहीं आता। अगर सराफा या एमजी रोड थाने की गश्त पार्टी उस इलाके में होती तो शायद सुनसान इलाके में बच्ची के रोने की आवाज उन्हें सुनाई दे जाती और उसकी जान बच पाती।
इन तीन पुलिस पॉइंट में पहला पॉइंट एमजी रोड थाने की पुलिस चौकी है, दूसरा पॉइंट राजबाड़ा पर महालक्ष्मी मंदिर के सामने है और तीसरा पॉइंट निहालपुर चौकी है। अफसोस की घटना वाली रात इलाके में कोई मौजूद नहीं था। हालांकि गश्त व चेकिंग व्यवस्था सुधारने के लिए डीआईजी ने कुछ समय पहले चेकिंग कराई थी तो पता चला था कि एक दर्जन से भी ज्यादा टीआई पॉइंट इधर उधर हैं। जिसके बाद सभी को शो-कॉज नोटिस भेजे गए थे लेकिन फिर भी कोई सुधार नहीं हुआ।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के इंदौर में चार महीने की मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह राजबाड़ा के मुख्य गेट के पास चार महीने की मासूम अपने माता-पिता के साथ सो रही थी। तभी 25 वर्षीय युवक उसे उठाकर श्रीनाथ पैलेस के बेस्मेंट में ले गया। वहां करीब 15 मिनट तक बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसने बच्ची की हत्या कर दी। ऐसी हैवानियत करने वाला युवक बच्ची की मां का मौसा है। उसने गुरुवार की रात बच्ची की मां से झगड़ा भी किया था लेकिन पुलिस ने उसे डंडे मारकर भेज दिया था।