खंडवा जिले में एक शख्स को अपने बिस्तर पर दूसरे व्यक्ति का सोना इतना अखर गया कि उसने उसकी हत्या ही कर दी। दरअसल, रविवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि खंडवा के नए बस स्टैंड के पास एक अज्ञात शव पड़ा हुआ मिला है। पुलिस ने तत्काल शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की छानबीन की तो खुलासा हुआ कि कचरा बीनने वाले उसी के दोस्त ने इस बात पर उसकी जान ले ली कि वह उसके बिस्तर पर सो गया था। खंडवा पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
खंडवा पुलिस ने एक अंधे कत्ल का खुलासा किया है। रविवार को खंडवा के नए स्टेंड के पास एक अज्ञात व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़े होने के सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने पर पदमनगर पुलिस तत्काल घटना स्थल पहुंची और मृतक के शव व घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। मृतक के सिर में गंभीर चोट के निशान मिले थे। मृतक की जेब में मिले आधार कार्ड के अनुसार उसकी पहचान जगदीश पिता भीमा निवासी जामन्या खुर्द के रूप में हुई थी। पहली ही नजर में मामला हत्या का होना प्रतीत होते ही पुलिस में मामला दर्जकर हत्यारे की तलाश शुरू कर दी।
पूछताछ कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए...
पूरे मामले को गंभीरता दिखाते हुए घटना स्थल निरीक्षण और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक जगदीश और उसका दोस्त मनोज दोनों साथ में पन्नी बीनने का काम करते थे। दोनों ही शराब पीने के भी आदी थे। दोनों के शराब पीकर आपसी विवाद की बात भी सामने आई। मनोज की तलाश करने पर वह फरार हो गया। पुलिस में मनोज को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा राज उगल दिया।
अपने बिस्तर पर मृतका जगदीश को रात्रि में सोता हुआ देख मनोज ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा तो गुस्से में आकर पास पड़े पत्थर को उठाकर उसके सिर पर पटक दिया, जिससे जगदीश के सिर में चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
क्या कहा एडिशनल एसपी ने...
एडिशनल एसपी सिमा अलावा ने बताया, आरोपी मनोज ने अपने बिस्तर पर मृतक जगदीश को रात में सोता हुआ देख उसे उठाने के प्रयास किया, लेकिन वह नहीं उठा तो आकस्मिक रूप से गुस्से में आकर पास पड़े पत्थर को उठाकर उसके सिर पर पटक दिया, जिससे जगदीश को मौत हो गई। आरोपी को गिरफ्तार कर खून लगा शर्ट और अन्य साक्ष्य जप्त किए गए हैं। आरोपी आदतन अपराधी होकर पहले भी रेल में लूट और चोरी के अपराधों में गिरफ्तार हो चुका है।