टी-20 वर्ल्ड कप क्रिकेट मैच के दौरान भले ही पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला मैच भारत हार गया हो, पचमढ़ी में सैलानियों ने मैच का भरपूर लुत्फ उठाया। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग ने इसके लिए खास व्यवस्था की थी। पचमढी के होटल हाईलैंड में सैलानियों को लाइव मैच दिखाने के साथ क्रिकेट की शब्दावली पर खास तौर पर तैयार मीनू परोसा गया।
कैम्प फायर डिनर में फ्री हिट वेलकम ड्रिंक, डब्लू डी गुल्ली, एचबीआर यॉर्कर, एमपी एंपायर, जीआर स्लिप, बाउंसर शोरबा, स्क्वेयर एलसीसी, दुग्गी पनीर, बोल्ड जालफ्रेंजी, एजी फुल टॉस, हुक राजमा, स्पिन केबी, गूगली चिकन, रन आउट एलआर, एलबीडब्ल्यू चपाती, मिड विकेट पीएस, रीप्ले सलाद, लॉन्ग ऑन चाट, सिक्सर खीर, चौका गजक, डीआरएस खीर जैसे व्यंजन परोसे गए। इस अनूठे डिनर के साथ मैच का लुत्फ उठाने बड़ी संख्या में सैलानी मौजूद रहे।
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के क्षेत्रीय प्रबंधक सैयद आरिफ नकवी ने बताया कि क्रिकेट का रोमांच अपनी जगह है और जब बात भारत-पाकिस्तान मैच की हो तो उसका रोमांच कई गुना अधिक हो जाता है। इसी को ध्यान में रखकर हमने मीनू बनाया था, जो सैलानियों को खूब पसंद आया। होटल के खुले मैदान में सैलानियों ने मैच का आनंद लिया और साथ में क्रिकेट स्पेशल मीनू के चटखारे भी लिए।
होटल में स्टडियम जैसा माहौल
होटल हाईलैंड के मैडम नव फायर डिनर के लिए स्टेडियम जैसा माहौल बनाया गया। क्रिकेट की पिच भी बनाई गई। विकेट और बेड भी लगाए गए। मैदान में हर टेबल पर तिरंगा लगा था। हर चौके-छक्के पर साउंड इफेक्ट की मदद से स्टेडियम जैसा माहौल बनाया गया। मैच में लगने वाले हर चौके-छक्के पर सैलानी एंजॉय करते रहे।
पचमढ़ी में होने लगा गुलाबी ठंड का एहसास
अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में सतपुड़ा की रानी हिल स्टेशन पचमढ़ी में हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। इस हल्की ठंड का आनंद लेने के लिए सैलानियों की भीड़ भी हिल स्टेशन पर उमड़ने लगी है।