मध्यप्रदेश में कोरोना संक्रमण एक बार फिर तेजी से पैर पसार रहा है। प्रदेश में संडे लॉकडाउन और नाइट कर्फ्यू लगाने के बावजूद कोरोना संक्रमण बेकाबू बना हुआ है। नए मरीजों में बढ़ोतरी और कोरोना से मरने वालों की संख्या में वृद्धि के बीच रेमडेसिविर और ऑक्सीजन की कमी के चलते अस्पतालों की सांसें फूलने लगी हैं। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने संकेत दिए हैं कि संक्रमण की रफ्तार पर ब्रेक लगाने के लिए दो दिन का संपूर्ण लॉकडाउन लगाने समेत कई और पाबंदियां लगाईं जा सकती हैं।
मध्यप्रदेश में पिछले तीन दिन से तीन हजार से ज्यादा नए मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को भोपाल में 618, इंदौर में 866 तो प्रदेश में कुल 3722 नए मरीज मिले। तीनों ही आंकड़े काेरोनाकाल में पहली बार आए हैं। वहीं इस समय, प्रदेश में कोरोना के 24,155 सक्रिय मामले हैं। इस आंकड़े ने शिवराज सरकार की परेशानी बढ़ा दी है।
इंदौर में लॉकडाउन नहीं
इंदौर में जिला प्रशासन ने लॉकडाउन लगाने की अफवाह को खारिज कर दिया है। इंदौर कलेक्टर मनीष सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर इंदौर में लॉकडाउन लगने की खबर चल रही है। यह पूरी तरह से भ्रामक हैं।
सरकार ने जांच की दर तय की
मध्य प्रदेश सरकार ने निजी लैब में कोरोना जांच कराने पर लोगों को बड़ी राहत दी है। लोग निजी लैब में 700 रुपए में जांच करवा सकेंगे। RT- PCR जांच के लिए 700 रुपए तय किए गए हैं। इससे पहले यह जांच के लिए 1200 रुपए देने पड़ते थे। हालांकि घर से सैंपल लेने पर पहले की तरह 200 रुपए अतिरिक्त देने होंगे। यानी सैंपल कलेक्शन के लिए घर बुलाने पर लोगों को कुल 900 रुपए खर्च करने पड़ेंगे।
आरटी-पीसीआर टेस्ट- 700 रुपए- प्रति व्यक्ति (घर के लिए 900)
रैपिड एक्शन टेस्ट-300 रुपए प्रति व्यक्ति (घर के लिए 500)
चेस्ट सीटी स्कैन- 3000 हजार- प्रति व्यक्ति
सीआरपी टेस्ट- 200 रुपए- प्रति व्यक्ति
एबीजी टेस्ट - 600 रुपए- प्रति व्यक्ति
पीपीटी - 1000 रुपए-प्रति व्यक्ति
भोपाल में फिर 21 अंतिम संस्कार
राजधानी में कोविड मरीजों की मौतों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को 21 शवों का अंतिम संस्कार हुआ। इन 21 में 14 भोपाल के थे। जबकि जिला प्रशासन ने सिर्फ एक कोविड मरीज की मौत बताई।
साई में दो दिन में 36 खिलाड़ी संक्रमित
भारतीय खेल प्राधिकरण में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन 18 खिलाड़ी पॉजिटिव मिले। दो दिन में यहां 36 खिलाड़ी संक्रमित हो चुके हैं। इस बीच, नए रीजनल डायरेक्टर सत्यजीत संकृत भी भोपाल आ गए हैं। वहीं जबलपुर में 269 और ग्वालियर में 181 नए मरीज मिले।