नमूना लेते स्वास्थ्यकर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमित 13 नए मरीज मिले हैं। पिछले 35 दिनों में स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए 2666 लोगों के नमूने लिए हैं। जिसमें से 2259 की रिपोर्ट आ गई है और उनमें से 120 पॉजिटिव मिले हैं। जबकि 407 की रिपोर्ट आने का इंतजार है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 35 दिन में उज्जैन जिले के 27 इलाकों में कोरोना संक्रमण फैल चुका है। अब तक के आंकड़ों के अनुसार जिले के हर 19वें संदिग्ध में कोरोना संक्रमण मिला है। यदि इसी तरह पॉजिटिव मरीज मिलते रहे तो 407 में से 20 से ज्यादा मरीजों के संक्रमित होने की संभावना है।
27 में से 23 संक्रमित मामले पुराने शहर से हैं। वहीं स्वास्थ्य विभाग औसतन रोजाना 100 से ज्यादा लोगों के नमूने लेकर जांच के लिए भेज रहा है। अच्छी बात यह है कि पुलिस और प्रशासन की सख्ती के कारण शहर का ज्यादातर हिस्सा कोरोना संक्रमण से बचा हुआ है। बंगाली कॉलोनी, शास्त्री मार्ग, महानंदानगर, मुनिनगर और देवास रोड की सांई विहार कॉलोनी को छोड़ दें तो पूरा नया शहर कोरोना की चपेट से मुक्त है।
देशभर में संक्रमितों की संख्या की बात करें तो केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 1543 नए मामले सामने आए हैं और 62 लोगों की मौत हो गई है, जो अब तक सर्वाधिक है। इसके बाद देशभर में कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 29,435 हो गई है, जिसमें 21,632 सक्रिय हैं, 6,869 लोग स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 934 लोगों की मौत हो चुकी है।