मध्यप्रदेश में कोविड-19 महामारी के आज 169 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि राज्य में अब कोरोना के कुल मामलों की संख्या 4559 हो गई है। राज्य में अब तक 2293 लोग ठीक हो चुके हैं और कोरोना के चलते अब तक 239 लोगों की मौत हो चुकी है।
देश में कोरोना संक्रमण की सबसे ज्यादा मार झेलने वाले जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान 61 नए मामले मिलने के साथ ही महामारी के मरीजों की संख्या 2,238 से बढ़कर 2,299 पर पहुंच गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जड़िया ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 संक्रमित पाए गए 75 वर्षीय पुरुष और 55 वर्षीय पुरुष की यहां अलग-अलग अस्पतालों में इलाज के दौरान गुरुवार को मौत हो गई। इसके साथ ही, जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 98 पर पहुंच गई है।
सीएमएचओ ने बताया कि कोविड-19 से पिछले 24 घंटे में दम तोड़ने वाले दोनों मरीज उच्च रक्तचाप और अन्य पुरानी बीमारियों से जूझ रहे थे। जिले में शुक्रवार सुबह की स्थिति में कोविड-19 के मरीजों की मृत्यु दर 4.26 प्रतिशत दर्ज की गई।
पिछले 20 दिन से जिले में यह दर पांच प्रतिशत से कम बनी हुई है। प्रदेश सरकार के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अस्पतालों में इलाज के बाद जिले के कुल 1,103 मरीज इस महामारी से उबर चुके हैं।
इंदौर जिले में कोरोना वायरस के प्रकोप की शुरूआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी। प्रशासन ने इंदौर की शहरी सीमा में 25 मार्च से कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।