मध्यप्रदेश में बुधवार को कोरोना वायरस के 20 नए मरीज सामने आए हैं। जिसके साथ ही राज्य में पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 86 हो गई है। राज्य में बढ़ते आंकड़ों के बीच बेहद चिंताजनक बात यह है कि राज्य में बच्चों के बीच कोरोना का संक्रमण बढ़ रहा है।
संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं बच्चे
राज्य में कोरोना के 20 नए मामलों में से 19 इंदौर से और एक खरगौन से है। चिंताजनक बात ये है कि इंदौर से जो मामले सामने आए हैं उनमें से नौ लोग एक ही परिवार से हैं। अधिकारियों का कहना है कि इंदौर के तंजीम नगर में रहने वाले इस परिवार के तीन बच्चे कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन बच्चों की उम्र तीन, पांच और आठ साल है।
अब तक उम्रदराज लोग ही होते थे संक्रमित
यदि कोरोना वायरस के अब तक के संक्रमण पर गौर करें तो ज्यादातर उम्रदराज व्यक्ति इसकी चपेट में आते थे। हालांकि अब यह वायरस छोटी उम्र के बच्चों को भी अपनी चपेट में रहा है जोकि चिंताजनक बात है।