कोरोना वायरस (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : PTI
मध्य प्रदेश में आज 259 नए मामले रिपोर्ट किए गए। इसके साथ ही राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 5236 हो गई है। वहीं, इस महामारी के कारण राज्य में 252 लोगों की मौत हो चुकी है।
झाबुआ में कोरोना से पहली मौत
मध्य प्रदेश के झाबुआ में आज कोरोना के कारण 60 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई। उन्होंने इंदौर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, जिले में चार और कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही यहां कुल संक्रमितों की संख्या 11 हो गई है। झाबुआ में कोरोना से यह पहली मौत है।
इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान 95 नए मरीज
देश में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में पिछले 24 घंटे के दौरान 95 नए मरीज मिले हैं। इसके साथ ही, जिले में महामारी की जद में आए लोगों की तादाद 2,470 से बढ़कर 2,565 पर पहुंच गई है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) प्रवीण जडिया ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि कोविड-19 संक्रमित पाए गए 71 वर्षीय पुरुष की यहां एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार को मौत हो गई। इसके बाद जिले में इस महामारी की चपेट में आकर दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 101 पर पहुंच गई है।
प्रदेश सरकार के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि अस्पतालों में इलाज के बाद जिले के 1,174 मरीज इस महामारी से उबर चुके हैं। इंदौर जिले में कोरोना वायरस के प्रकोप की शुरुआत 24 मार्च से हुई, जब पहले चार मरीजों में इस महामारी की पुष्टि हुई थी। प्रशासन ने इंदौर की शहरी सीमा में 25 मार्च से कर्फ्यू लगा रखा है, जबकि जिले के अन्य स्थानों पर सख्त लॉकडाउन लागू है।