मध्यप्रदेश में बढ़ते कोरोना संक्रमण ने जहां एक तरफ लोगों की जिंदगी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दी है वहीं दूसरी तरफ हर साल मनाए जाने वाले समारोहों पर भी अब इसका असर दिखने लगा है। हर साल धूमधाम से मनाया जाने वाला स्वतंत्रता दिवस समारोह इस बार कोरोना वायरस की वजह से फीका रहेगा।
कोरोना संक्रमण की वजह से न तो बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और न ही परेड या सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिला और तहसील स्तर पर भी अधिकारी सादगी के साथ कार्यक्रम करेंगे। यह फैसला बुधवार को मंत्रालय में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि कैबिनेट में तय किया गया है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह पर 15 अगस्त के दिन समारोह सीमित व्यक्तियों की उपस्थिति में होगा। शारीरिक दूरी को ध्यान में रखते हुए कार्यालयों में राष्ट्र ध्वज फहराया जाएगा।
मिश्रा ने बताया कि भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित पूरा मंत्रिमंडल मौजूद रहेगा। इस कार्यक्रम को लाइव दिखाया जाएगा और इसके माध्यम से ही मुख्यमंत्री का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार परिस्थितियां विशेष तरह की हैं, इसलिए स्वतंत्रता दिवस उल्लास पूर्वक न होकर प्रतीक स्वरूप हो। इनमें पारंपरिक रूप से बच्चों को बुलाए जाने और कार्यक्रम में शामिल करने की परंपरा स्थगित रखी जाए। बैठक में मंत्रियों ने इसका समर्थन किया।